बिलासपुर में रात का तापमान लुढ़का

3 Min Read

आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना, 5 डिग्री तक गिर सकता है पारा

बिलासपुर में एक बार फिर ठंड लौटने लगी है। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही अधिकतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, रात का पारा लुढ़कने लगा है। सोमवार की रात न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री रिकार्ड किया गया। जिसके चलते अब ठंड महसूस होने लगी है।

दरअसल, जिले के साथ ही शहर में आसमान में बादल छाए रहने की वजह से ठंड एकदम से गायब हो गई थी। शनिवार की शाम हुई बारिश और अंधड़ के बाद से ठंड महसूस होने लगी है। पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होते ही मौसम साफ हो गया है। जिसके बाद ठंड का असर भी बढ़ने लगा है।

दोपहर में तापमान 28 डिग्री के पार पहुंचा

सोमवार की सुबह ज्यादा ठंड महसूस हुई। इसके चलते स्कूली बच्चे स्वेटर पहनने के बाद भी ठंड में ठिठुरते नजर आए। हालांकि, दिन आगे बढ़ने के साथ ही धूप तेज हो गई और दोपहर में तापमान 28 डिग्री के पार पहुंच गया। वहीं, शाम होते ही ठंड का अहसास होने लगा। दूसरे दिनों की तुलना में रात सर्द हो गई है।

हवा की दिशा बदलते ही बढ़ेगी ठंड

मौसम विशेषज्ञ का कहना है कि हवा की दिशा में हुए परिवर्तन के चलते ठंड में और इजाफा होने की संभावना है। नए साल की रात खासतौर पर सर्द होगी। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि इस दौरान न्यूनतम तापमान पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इस दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर पार्टियों और कार्यक्रमों की तैयारियों के बीच आयोजकों को अलाव का भी इंतजाम करना पड़ेगा।

आज शुष्क रहेगा मौसम, चलेंगी सर्द हवाएं

मौसम विभाग के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ 60 डिग्री पूर्व और 34 डिग्री उत्तर में स्थित है। इसका असर कम होने के कारण प्रदेश में हवा की दिशा में परिवर्तन होने की संभावना है। जिसके कारण नमी की मात्रा में सार्थक कमी होने का अनुमान है। 31 दिसंबर को मौसम शुष्क रहेगा। न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर जारी रहने की संभावना है।

एक जनवरी से चलेगी शीतलहर

दो जनवरी तक बिलासपुर समेत प्रदेश के अधिकांश भाग में न्यूनतम तापमान में चार से छह डिग्री तापमान में गिरावट आएगी। उत्तर छत्तीसगढ़ में एक जनवरी से कुछ जगह में शीतलहर चल सकती है।

TAGGED: ,
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *