गिधपुरी में महामाया मंदिर भूमि पर अवैध कब्जे का विवाद, ग्रामीणों का उग्र विरोध – निर्माण कार्य पर प्रशासन ने लगाई रोक

By



गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम खपरीभाठा में स्थित प्राचीन महामाया मंदिर की जमीन पर कथित अवैध कब्जे के खिलाफ शनिवार को ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण ट्रैक्टरों में सवार होकर एसडीएम कार्यालय पलारी और गिधपुरी थाना पहुंचे तथा मंदिर भूमि से कब्जा हटाने की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों का आरोप है कि मुकेश झा नामक व्यक्ति ने मंदिर के समीप सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण शुरू कर दिया है, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हो रही है और मंदिर की ऐतिहासिक पहचान खतरे में पड़ गई है। विरोध के दौरान ग्रामीणों ने “बिहारी भगाओ – गांव बचाओ” जैसे नारे लगाए और कार्रवाई की मांग की।

ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार, आरोपी ने कथित रूप से धोखाधड़ी कर प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत मंदिर भूमि पर आवास स्वीकृत करा लिया है। साथ ही अन्य जगहों पर भी फर्जी तरीके से पीएम आवास स्वीकृत करवाकर सरकारी राशि का दुरुपयोग किया गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि जब उन्होंने अवैध निर्माण का विरोध किया, तो आरोपी ने खुद को पत्रकार बताकर और पुलिस विभाग से संबंधों का हवाला देकर उन्हें धमकाने की कोशिश की। इससे आक्रोशित होकर करीब 500 से अधिक ग्रामीणों ने थाने और एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम दीपक निकुंज ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए विवादित स्थल पर चल रहे निर्माण कार्य पर रोक लगाने के आदेश जारी किए। उन्होंने कहा, “ग्रामीणों की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की गई है। जांच के बाद नियमानुसार अवैध निर्माण हटाया जाएगा।”

वहीं गिधपुरी थाना प्रभारी संदीप बंजारे ने बताया, “ग्रामीणों की शिकायत दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच राजस्व विभाग द्वारा की जाएगी। अगर अवैध कब्जे की पुष्टि होती है, तो आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *