हत्या के 24 घंटे के भीतर लैलूंगा पुलिस ने सुलझाई गुत्थी,पत्नी ही निकली पति की कातिल

3 Min Read

लैलूंगा पुलिस ने हत्या के अपराध में आरोपिया को गिरफ्तार कर भेजा रिमांड पर

रायगढ़,जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़ लुड़ेग में युवक निलांबर यादव (28) की हत्या मामले को लैलूंगा पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर ही सुलझा लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हत्या के पीछे मृतक की पत्नी तिलासो माझी का हाथ होने का खुलासा हुआ है। आरोपिया ने पति की चरित्र शंका और प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर उसे धारदार हथियार टांगी से मार डाला।

घटना के विषय में बताते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि 16 नवंबर की सुबह, ग्राम पहाड़ लुडेग में निलांबर यादव का लहू लुहान शव उसके घर के खाट पर पड़ा मिला था। उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। घटना की सूचना पर खुद थाना प्रभारी लैलूंगा निरीक्षक राजेश जांगड़े ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक के चचेरे भाई सेतराम राउत ने बताया कि निलांबर आठ साल पहले तिलासो माझी को पत्नी बनाकर घर लाया था। दोनों का चार साल का बेटा भी है। घटना के दिन गांव में कार्तिकेश्वर मेला था, जहां परिवार के अन्य सदस्य गए थे।

सुबह निलांबर की हत्या की सूचना मिलने पर घर पहुंचे तो शव खाट पर पड़ा मिला। अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देश पर लैलूंगा थाना प्रभारी और उनकी टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल की गहन पड़ताल और डॉग स्क्वाड की मदद से सबूत जुटाए गए। पूछताछ के दौरान पत्नी तिलासो माझी पर शक गहराया। उससे कड़ी पूछताछ की गई तो आरोपिया तिलासो ने कबूल किया कि उसने 16 नवंबर को भोर में अपने पति निलांबर यादव की हत्या की।

उसने बताया कि मेला देखने के बाद रात तीन बजे वह घर लौटी और पति के साथ सो गई। सुबह जब वह दोबारा मेला जाने की तैयारी कर रही थी, तो दोनों में झगड़ा हुआ। चरित्र शंका और प्रताड़ना से परेशान होकर उसने घर में रखी टांगी से निलांबर के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद करते हुए आरोपिया तिलासो माझी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *