बेटे की शादी पर गौतम अदाणी का अनोखा उपहार: समाज सेवा के लिए 10,000 करोड़ रुपये दान

3 Min Read

स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में खर्च होगा दान

अहमदाबाद। अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने अपने छोटे बेटे जीत अदाणी की शादी के अवसर पर समाज सेवा के लिए 10,000 करोड़ रुपये का विशाल दान दिया है। अदाणी का यह योगदान स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण बदलाव लाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

गौतम अदाणी ने महाकुंभ मेले के दौरान कहा था कि उनके बेटे की शादी सादगी और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होगी। उन्होंने न केवल इस वादे को निभाया, बल्कि समाज के कल्याण के लिए एक प्रेरक उदाहरण भी प्रस्तुत किया। उनका यह दान उनके परमार्थ के विचार “सेवा साधना है, सेवा प्रार्थना है और सेवा ही परमात्मा है” पर आधारित है।

दान का होगा व्यापक प्रभाव
इस दान का बड़ा हिस्सा स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा के विकास और कौशल प्रशिक्षण के क्षेत्र में निवेश किया जाएगा। अदाणी फाउंडेशन के जरिए इस राशि का उपयोग विश्व स्तरीय अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, के-12 स्कूलों और ग्लोबल स्किल एकेडमी के नेटवर्क को विकसित करने में किया जाएगा। इससे समाज के सभी वर्गों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं मिल सकेंगी।

पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सादगीपूर्ण विवाह
जीत अदाणी और हीरा कारोबारी जैमिन शाह की बेटी दिवा का विवाह अहमदाबाद के बेल्वेडियर क्लब, अदाणी शांतिग्राम टाउनशिप में पारंपरिक गुजराती रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। विवाह समारोह एक निजी और सादगीपूर्ण आयोजन था, जिसमें केवल करीबी रिश्तेदार और मित्र शामिल हुए। इसमें किसी भी प्रमुख राजनेता, बड़े उद्योगपति या फिल्मी हस्ती की उपस्थिति नहीं रही।

गौतम अदाणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी बहू को ‘बेटी दिवा’ कहकर संबोधित किया और लिखा, “परमपिता परमेश्वर के आशीर्वाद से जीत और दिवा आज विवाह के पवित्र बंधन में बंध गए। यह एक छोटा और निजी समारोह था, इसलिए हम सभी शुभचिंतकों को आमंत्रित नहीं कर सके, जिसके लिए मैं क्षमाप्रार्थी हूँ। मैं आप सभी से बेटी दिवा और जीत के लिए स्नेह और आशीर्वाद की कामना करता हूँ।”

जीत अदाणी की प्रोफेशनल जिम्मेदारियां
जीत अदाणी वर्तमान में अदाणी एयरपोर्ट्स के निदेशक हैं और देश के छह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के प्रबंधन के साथ नवी मुंबई में बन रहे सातवें हवाई अड्डे की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ पेनसिल्वेनिया के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड एप्लाइड साइंसेज से पढ़ाई की है।

गौतम अदाणी का यह कदम समाज सेवा के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है और आने वाले समय में अन्य उद्योगपतियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन सकता है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *