जशपुर में टोनही प्रताड़ना का बड़ा खुलासा : तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाले दो फरार बैगा गिरफ्तार, भेजे गए जेल

By
Advertisement
Advertisement


जशपुर। अंधविश्वास और टोनही प्रताड़ना से जुड़े एक गंभीर मामले में जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को ठगने वाले दो फरार बैगाओं को रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला थाना दुलदुला क्षेत्र के ग्राम भिंजपुर का है, जहां एक महिला पर टोनही होने का आरोप लगाकर उसके साथ अमानवीय मारपीट की गई थी।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बैगा कृपा चौहान (44 वर्ष), निवासी ग्राम खर्रामुड़ा, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ और संतु राम चौहान (50 वर्ष), निवासी ग्राम लेंघरा, थाना बरमकेला, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ हैं। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार थे और पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों को उनके घरों से घेराबंदी कर पकड़ा गया।

क्या है पूरा मामला
दिनांक 8 नवंबर 2025 को ग्राम भिंजपुर निवासी 53 वर्षीय फौसी बाई ने थाना दुलदुला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने उनके घर में जबरन घुसकर उन्हें टोनही बताते हुए गाली-गलौज, मारपीट की और घसीटते हुए श्मशान घाट ले जाने की कोशिश की। आरोपियों का दावा था कि फौसी बाई के जादू-टोने से उनकी परिजन सुनीता भगत की मौत हुई है और उसे जिंदा करना होगा।

जांच में सामने आया कि मृतिका सुनीता भगत की बीमारी के दौरान उसके परिजनों ने बैगाओं से संपर्क किया था। बैगाओं ने तंत्र-मंत्र के जरिए मृत महिला को जिंदा करने का झांसा दिया और 60 हजार रुपये की मांग की। कुछ रकम लेने के बाद जब वे अपने दावे में असफल रहे, तो उन्होंने गांव की फौसी बाई को टोनही बताकर आरोपियों को उसके खिलाफ भड़का दिया।

पहले ही हो चुकी है आठ आरोपियों की गिरफ्तारी
इस मामले में टोनही का आरोप लगाकर मारपीट करने वाले एक पुलिस अधिकारी सहित कुल आठ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है। अब फरार बैगाओं की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने पूरे मामले की कड़ी जोड़ दी है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध
आरोपियों के विरुद्ध थाना दुलदुला में बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2), 333, 190, 191(2) तथा टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

पुलिस की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा कि जादू-टोना और किसी को टोनही कहना न केवल अंधविश्वास है, बल्कि गंभीर अपराध भी है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे अंधविश्वासों से दूर रहें और किसी भी तरह की टोनही प्रताड़ना की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *