जशपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई, अवैध धान परिवहन करते पिकअप से 25 क्विंटल धान जब्त

Advertisement
Advertisement

जशपुर। छत्तीसगढ़ में चालू धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध धान परिवहन और बिचौलियों पर जशपुर पुलिस की लगातार सख्ती जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने चौकी सोनक्यारी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिश कर रहे 25 क्विंटल अवैध धान को जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत लगभग 57 हजार रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 18 जनवरी 2026 की शाम करीब 8 बजे चौकी सोनक्यारी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रेमने के जंगल के ग्रामीण रास्ते से एक सफेद रंग की पिकअप वाहन भारी मात्रा में धान लेकर गुजर रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जंगल क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक JH-07-E-3510 को रोका।

तलाशी के दौरान पिकअप में 59 बोरियों में कुल 25 क्विंटल धान लोड पाया गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम विकास यादव (25 वर्ष), निवासी ग्राम सोनक्यारी बताया। उसने स्वीकार किया कि वह धान झारखंड से खरीदकर लाया था और एक किसान के नाम से टोकन लेकर छत्तीसगढ़ के धान उपार्जन केंद्र में खपाने की तैयारी में था। पुलिस द्वारा धान से संबंधित दस्तावेज मांगने पर वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस ने पिकअप वाहन सहित अवैध धान को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया है।

उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व ही जशपुर पुलिस ने फरसाबहार, तुमला, तपकरा और पंडरा पाठ क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 124 क्विंटल अवैध धान पकड़ा था। चालू खरीदी सीजन में अब तक पुलिस 44 वाहनों से 2500 क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त कर चुकी है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी सोनक्यारी सहायक उप निरीक्षक वैभव सिंह, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता, आरक्षक विमल मिंज एवं मशीह तिर्की की अहम भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस अवैध धान परिवहन और बिचौलियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। सीमावर्ती रास्तों पर नाकाबंदी, नियमित पेट्रोलिंग और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *