जशपुर पुलिस का “ऑपरेशन शंखनाद” जारी : फिर बचाए गए 05 नग गौवंश, तस्कर गाड़ी छोड़ फरार

2 Min Read
Advertisement

जशपुर, 17 सितम्बर 2025 । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में पशु तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए 05 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है।



दिनांक 16 सितम्बर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर को सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ तस्कर सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन (क्रमांक CG-13C-1151) में गौवंशों को लोड कर कुनकुरी की ओर से झारखंड ले जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल एसएसपी के निर्देश पर कुनकुरी पुलिस द्वारा संभावित मार्गों पर नाकाबंदी की गई।

नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो को पुलिस ने ट्रेस किया और उसका लगभग 05 किलोमीटर तक पीछा किया। रात करीब 2 बजे ग्राम मायली के पास पुलिस को पीछा करते देख तस्कर वाहन को तेजी से भगाते हुए पत्थर खदान मार्ग की ओर ले गए और मौके का फायदा उठाकर अंधेरे में वाहन छोड़कर फरार हो गए।



पुलिस टीम ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें पीछे की सीट निकालकर 05 नग गौवंशों को रस्सियों से बाँधकर ठूँस-ठूँस कर रखा गया था। सभी गौवंशों को सकुशल बरामद कर पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। वहीं तस्करों की तलाश हेतु आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने वाहन क्रमांक CG-13C-1151 को जप्त कर लिया है।

इस मामले में थाना कुनकुरी में कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश कुमार यादव, प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, आरक्षक नंदलाल यादव एवं राजकुमार यादव की सराहनीय भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि, “ऑपरेशन शंखनाद” लगातार जारी है। गौवंशों की तस्करी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों को वाहन के आधार पर जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *