जन्मदिन पार्टी के बाद विवाद बना हत्या की वजह, नाबालिग को टाटा सूमो से कुचलकर उतारा मौत के घाट

Advertisement

शराब पीकर फोन कॉल की बात पर हुआ झगड़ा, पैदल घर लौट रहे किशोर को जानबूझकर मारी टक्कर


कोरिया।
जन्मदिन मनाने और शराब सेवन के बाद हुए विवाद ने एक नाबालिग की जान ले ली। पैदल घर लौट रहे किशोर को टाटा सूमो वाहन चालक ने जान से मारने की नीयत से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पिकनिक, शराब और फोन कॉल से शुरू हुआ विवाद

दिनांक 04 जनवरी 2026 को मृतक रितेश कुमार सिंह अपने दोस्तों — विद्या चंद साहू, प्रीतपाल विश्वकर्मा, सतीश विश्वकर्मा सहित अन्य के साथ टाटा सूमो गोल्ड वाहन से झुमका डेम पिकनिक मनाने गया था। पिकनिक के दौरान चिकन-मटन एवं शराब का सेवन किया गया।

शाम को लौटते समय आरोपी वाहन लेकर पटना अंग्रेजी शराब दुकान पहुंचा। इसी दौरान आरोपी के मोबाइल फोन पर उसके पिता का कॉल आया, जिसे मृतक रितेश ने उठाकर यह कह दिया कि वे पटना पहुंचे हैं। इस बात से आरोपी विद्या चंद साहू आक्रोशित हो गया और मृतक से गाली-गलौज करते हुए झगड़ा करने लगा।

पैदल लौट रहे नाबालिग को जानबूझकर कुचला

विवाद से आहत होकर रितेश कुमार सिंह पैदल ही राष्ट्रीय राजमार्ग से अपने घर की ओर निकल पड़ा। जब वह रनई के पास पहुंचा, तभी आरोपी ने उसे पैदल जाते देख लिया। दोस्तों द्वारा मना किए जाने के बावजूद आरोपी ने हत्या की नीयत से टाटा सूमो वाहन को सड़क के बाएं ओर दबाते हुए रितेश को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में मृत घोषित

घटना के बाद अन्य दोस्तों द्वारा घायल रितेश को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच और कार्रवाई

सूचक की रिपोर्ट पर थाना पटना में मर्ग क्रमांक 02/26, धारा 194 बीएनएस के तहत पंचनामा कार्रवाई की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुमार कुर्रे के निर्देश पर उप पुलिस अधीक्षक राजेश साहू द्वारा बिंदुवार जांच कर साक्ष्य एकत्र किए गए।

प्रत्यक्षदर्शी गवाहों, घटनास्थल निरीक्षण और पीएम रिपोर्ट के आधार पर थाना पटना में दिनांक 12 जनवरी 2026 को अपराध क्रमांक 15/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

आरोपी गिरफ्तार

विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी विद्या चंद्र साहू उर्फ विनय साहू, पिता हरिओम साहू, उम्र 18 वर्ष 7 माह, निवासी तेजपुर स्कूल पारा, थाना रामानुजनगर, जिला सूरजपुर को दिनांक 17 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *