चिटफंड घोटाला: अभिपवा कंपनी के एक और डायरेक्टर गिरफ्तार, अब तक 5 आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

2 Min Read

विश्रामपुर पुलिस की कार्रवाई, 17.28 लाख की ठगी के मामले में बड़ी सफलता

सूरजपुर। चिटफंड घोटाले में लिप्त अभिपवा प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के एक और डायरेक्टर विनोदचंद्र सोमचंद शाह को विश्रामपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को अहमदाबाद, गुजरात से गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले चार अन्य आरोपी डायरेक्टर—दिनेंद्र कुमार दधीच, अनंत दधीच, कपिल जैन और महेश कुमार सेन को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

17.28 लाख रुपये की ठगी का मामला
सूरजपुर पुलिस को कई निवेशकों से शिकायतें मिली थीं कि अभिपवा कंपनी ने उन्हें एक साल में तीन गुना मुनाफा देने का लालच देकर निवेश कराया, लेकिन बाद में उनकी रकम वापस नहीं की। जांच में सामने आया कि कंपनी ने छत्तीसगढ़ के 29 निवेशकों से कुल 17,28,366 रुपये की ठगी की है।

सख्त धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने कंपनी के खिलाफ IPC की धारा 420, 34, इनामी चिटफंड और धन परिचालन चिट स्कीम अधिनियम 1978 की धारा 4, 5, 6 और छत्तीसगढ़ के निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 10 के तहत केस दर्ज किया है।

अब तक जब्ती और गिरफ्तारियां
पूर्व में गिरफ्तार चार आरोपियों के पास से महिंद्रा एक्सयूवी 700 (क्रमांक RJ 06 UC 6669), जिसकी कीमत लगभग 21 लाख रुपये है, जब्त की गई थी।

वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई
डीआईजी और एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। एएसपी संतोष महतो के मार्गदर्शन में विश्रामपुर पुलिस ने आरोपी विनोदचंद्र सोमचंद शाह को गिरफ्तार किया। आरोपी को नोटिस देने के बाद पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया, जहां से उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *