खाद्य एवं औषधि प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम की कार्यवाही, न्यू इंडियन बेकरी एवं मुमताज बेकरी की औचक जांच, मौके पर मिले गुणवत्ताहीन खराब ब्रेड और टोस्ट को किया गया नष्ट

By
Advertisement

अंबिकापुर । वर्षा के मौसम के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने खाद्य एवं औषधि प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा बुधवार को अंबिकापुर में संचालित बेकरियों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान न्यू इंडियन बेकरी एवं मुमताज बेकरी की औचक जांच में दोनों फर्मों में गुणवत्ताहीन एवं खराब स्थिति में भंडारित ब्रेड एवं टोस्ट मिले। लगभग 10 किलो मात्रा में भंडारित ब्रेड एवं टोस्ट को टीम द्वारा मौके पर नष्ट कराया गया। नगर निगम के माध्यम से दोनों बेकरी पर खाद्य पदार्थों का उचित रखरखाव नहीं करने एवं पर्याप्त साफ-सफाई के अभाव के कारण पांच-पांच हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।

गुणवत्ता विहीन बेकरी उत्पाद विनिर्माण की आशंका के मद्देनजर दोनों फर्मों से ब्रेड एवं टोस्ट का विधिक नमूना लिया गया। दोनों संस्थानों को संस्था में कार्यरत कर्मचारियों का चिकित्सा जांच प्रमाण पत्र, पानी परीक्षण रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट एवं साफ सफाई तथा खाद्य सुरक्षा संबंधी अन्य मानकों के अनुपालन हेतु सुधार सूचना जारी की गई। उक्त जानकारी देते हुए वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री आरआर देवांगन ने बताया कि पूर्व में दिनांक 22 जुलाई तथा 23 जुलाई को भी नगर में विभिन्न फल एवं सब्जी विक्रेताओं की जांच कर फल, सब्जियों का भी नमूना लेकर जांच हेतु भेजा गया है।

कार्यवाही के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री प्रशांत कुमार तिवारी एवं स्वच्छता निरीक्षक स्वर्ण मेहता उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *