कोरबा में दिनदहाड़े लूट: नकाबपोश बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर 1.5 लाख रुपये उड़ाए

Advertisement

बाइक सवार बदमाशों ने बुधवारी मुख्य मार्ग पर वारदात को दिया अंजाम, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बुधवारी मुख्य मार्ग पर बुधवार को दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात हुई। बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने पीडीएस ट्रांसपोर्टर शैलेंद्र शर्मा की कार का शीशा तोड़कर 1.5 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।

कैसे हुई वारदात?

जानकारी के अनुसार, तुलसी नगर निवासी शैलेंद्र शर्मा ने बुधवार को टीपी नगर स्थित आईडीबीआई बैंक से 2 लाख रुपये निकाले थे। इनमें से 50,000 रुपये उन्होंने निहारिका में एक व्यापारी को दिए, जबकि शेष 1.5 लाख रुपये कार की डिग्गी में रख लिए। जैसे ही वह मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बुधवारी मुख्य मार्ग पर पहुंचे, दो नकाबपोश बदमाशों ने कार का शीशा तोड़ा और रकम लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू की जांच, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना की सूचना मिलते ही एसपी ने सिविल लाइन थाना प्रभारी को तत्काल मौके पर भेजा। मानिकपुर और सीएसईबी चौकी पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। शहर से बाहर जाने वाले मार्गों पर कड़ी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है

इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *