कम्युनिटी पुलिसिंग की मिसाल बनी सजल ग्रुप महिला समूह की पहल, हेलमेट पहनने वालों को स्माइली बैज, नियम तोड़ने वालों को गुलाब देकर दी सीख

By
Advertisement
Advertisement

जशपुरनगर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत सजल ग्रुप महिला समूह द्वारा एक अनूठा और प्रेरणादायी जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान दिनांक 11 जनवरी 2026 को कुनकुरी थाना क्षेत्र के मयाली सड़क पर आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान महिला सदस्यों ने राहगीरों और वाहन चालकों को समझाया कि तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी आज सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण बनती जा रही है। महिलाओं ने दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से हेलमेट पहनने और चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट के महत्व के बारे में जागरूक किया, यह बताते हुए कि ये केवल नियम नहीं बल्कि जीवन रक्षक साधन हैं।

सजल ग्रुप की महिलाओं ने हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे जागरूक नागरिकों को स्माइली बैज लगाकर सम्मानित किया, वहीं बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को गुलाब भेंट कर प्रेमपूर्वक समझाइश दी। इस सकारात्मक पहल ने आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति गंभीरता से सोचने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह की धर्मपत्नी श्रीमती रेखा सिंह की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने महिलाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए समाज के हर वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। वहीं श्रीमती अभिलाषा गुप्ता ने चालान, हेलमेट और यातायात अनुशासन को लेकर प्रेरणादायक बातें साझा कीं।

रौनियार महिला शक्ति की अध्यक्ष एवं सजल ग्रुप की सक्रिय सदस्य सीमा गुप्ता ने कहा,

“यातायात सुरक्षा की शुरुआत घर से होती है। यदि महिलाएं ठान लें, तो वे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को यातायात नियमों के प्रति सजग बना सकती हैं।”

अभियान के दौरान यह भी बताया गया कि तेज गति, नशे में वाहन चलाना, गलत दिशा में ड्राइविंग और ट्रैफिक सिग्नल की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। महिलाओं ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

इस जागरूकता अभियान में सजल ग्रुप की श्रीमती सीमा गुप्ता, अभिलाषा गुप्ता, हेमा शर्मा, शशि साहू, मंजुला झा, ज्योति श्रीवास्तव, किरण महतो, सुलोचना महापात्रे, ज्योति साहनी, ममता सिन्हा, डॉली कुशवाहा, नीतू श्रीवास्तव, सरिता साहू, रेखा सिंह, रीना अग्रवाल, किरण यादव, प्रगति अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। नागरिकों ने महिलाओं के इस प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि,

“सजल ग्रुप महिला समूह की यह पहल यह संदेश देती है कि सड़क सुरक्षा कानून के डर से नहीं, बल्कि जीवन के प्रति जिम्मेदारी की भावना से जुड़ी है। जशपुर पुलिस कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत आगे भी ऐसे जागरूकता अभियानों को प्रोत्साहित करती रहेगी।”

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *