ऑपरेशन शंखनाद: जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रात्रि गश्त में 10 गौवंश तस्करों के चंगुल से मुक्त

By
Advertisement
Advertisement



जशपुर जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। रात्रि गश्त के दौरान दुलदुला थाना क्षेत्र में पुलिस ने तस्करों के चंगुल से 10 नग गौवंशों को सकुशल मुक्त कराया है। इस दौरान तस्कर पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए, जबकि तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जप्त कर लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में गौ तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 15 जनवरी 2026 की रात्रि करीब 1:30 बजे, थाना दुलदुला की पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में गौवंश भरकर कुनकुरी की ओर से दुलदुला होते हुए झारखंड राज्य की तरफ ले जाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने दुलदुला–आसनबहार–खूंटी टोली मार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान कुनकुरी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक सफेद बोलेरो पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और पुलिस वाहन को टक्कर मारते हुए भागने लगा। पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन का पीछा किया, जिसके बाद तस्कर कुछ दूर जाकर पिकअप को खेत में उतारकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।

जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि पिकअप वाहन क्रमांक JH-03-AR-5441 में 10 नग गौवंशों को रस्सियों से बांधकर अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था, ऊपर से प्लास्टिक त्रिपाल ढका हुआ था। पुलिस ने सभी गौवंशों को सुरक्षित बरामद कर पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जप्त कर लिया गया।

इस मामले में थाना दुलदुला में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दुलदुला निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक सामुदान टोप्पो, आरक्षक अलेक्सियुस तिग्गा, प्रमोद कुमार एवं राम प्रवेश सिंह की अहम भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी पर लगातार नजर बनाए हुए है। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है और ऑपरेशन शंखनाद के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उल्लेखनीय है कि अब तक इस अभियान के अंतर्गत 145 प्रकरणों में 243 गौ तस्करों को गिरफ्तार कर 1406 से अधिक गौवंशों को मुक्त कराया जा चुका है।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *