उतई में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप

By
Advertisement
Advertisement

युवक ने पत्नी और परिजनों पर चाकू से हमला, पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा

दुर्ग/उतई। जिले के उतई थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक पारिवारिक विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। गुस्से में आए एक युवक ने अपनी पत्नी और उसके परिजनों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पत्नी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने कुछ ही घंटों में खोपली रोड से उसे गिरफ्तार कर लिया।

विवाद से शुरू हुई वारदात

मामला 26 सितंबर 2025 का है। पीड़िता श्वेता टंडन (23 वर्ष) निवासी हथखोज पारा, उतई ने शासकीय अस्पताल में पुलिस को रिपोर्ट दी। श्वेता ने बताया कि उसका पति सनी झा उर्फ शिव (25 वर्ष), निवासी प्रेम नगर, दिल्ली, पिछले कुछ महीनों से ससुराल में रह रहा था। शुक्रवार को किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में सनी ने पहले पत्नी से गाली-गलौज की और फिर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

बीच-बचाव में मां और दादी भी घायल

श्वेता की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां और दादी बचाने आईं, लेकिन आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल सभी की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

पुलिस की तेजी से गिरफ्तारी

सूचना मिलते ही उतई थाना प्रभारी महेश कुमार ध्रुव ने विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। संभावित स्थानों पर दबिश देने के बाद पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी खोपली रोड पर छिपा हुआ है। घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से खून से सने कपड़े और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किए। साथ ही वैज्ञानिक अधिकारी को मौके पर बुलाकर साक्ष्य संकलित किए गए।

आरोपी पर गंभीर धाराएं दर्ज

थाना उतई में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 391/2025 पंजीबद्ध किया गया है। उस पर धारा 296, 351(3), 109 बीएनएस सहित आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस टीम की भूमिका

इस कार्रवाई में उतई थाना प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार ध्रुव, उप निरीक्षक प्रमोद सिन्हा, आरक्षक राजीव दुबे, पुरेंद्र वर्मा, गिरधर वर्मा समेत थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले भी किसी वारदात में शामिल रहा है या नहीं।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *