मरवाही CHC से गंभीर हालत में किया गया था रेफर, हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत
दीपक गुप्ता की खास रिपोर्ट
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के रुमगा गांव में हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान केमला पुरी, पिता विश्सू प्रसाद, उम्र 30 वर्ष, निवासी रुमगा के रूप में हुई है। युवक की मौत से गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, केमला पुरी पर गांव में ही हाथी ने हमला कर दिया था। बताया जा रहा है कि हाथी ने उसे अपनी सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजन घायल युवक को तत्काल मरवाही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
इलाके में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीण चिंतित
बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड इसी क्षेत्र में विचरण कर रहा है। हाथी के हमले में युवक की मौत के बाद ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने, गांव के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और लोगों को संभावित खतरे से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
लगातार हाथियों की मौजूदगी के बीच ग्रामीणों को अपनी जान-माल की सुरक्षा की चिंता सता रही है। अब ग्रामीणों की नजर वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
