टी.एस. सिंहदेव के जन्मदिन पर युवा कांग्रेस का सेवा भाव, रक्तदान शिविर में 30 यूनिट रक्त संग्रहित

Advertisement

पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता टी.एस. सिंहदेव के जन्मदिन के अवसर पर युवा कांग्रेस की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित कर सेवा और मानवता का संदेश दिया गया। शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को जिला अस्पताल, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के ब्लड बैंक में आयोजित इस शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और करीब 30 यूनिट रक्तदान किया।

जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए युवाओं ने किया रक्तदान

रक्तदान शिविर का आयोजन प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस आशीष सोनी एवं सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में किया गया। शिविर में युवाओं और अन्य रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए अपनी भागीदारी निभाई।

आयोजकों ने बताया कि रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के माध्यम से किसी जरूरतमंद मरीज को समय पर जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है। इसी उद्देश्य से सिंहदेव के जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण के कार्य के रूप में मनाया गया।

रक्तदान से बड़ा कोई सेवा कार्य नहीं : आशीष सोनी

इस अवसर पर प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस आशीष सोनी ने कहा कि रक्तदान महादान है। किसी जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उसका जीवन बचाया जा सकता है। टी.एस. सिंहदेव के जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण के कार्यों के साथ मनाने का उद्देश्य समाज में मानवता, सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करना है।

युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से आशीष सोनी (प्रदेश सचिव, युवा कांग्रेस), सिद्धार्थ तिवारी, गुलाब सिंह राज, पुष्पराज सिंह ठाकुर, हर्ष गोयल, निक्की साहू, यश शर्मा, रियांश सोनी, इदरीश अंसारी, अमित सोनी, शाहिद राइन, आलोक शुक्ला और राहुल तिवारी सहित अन्य युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शिविर के माध्यम से युवाओं ने समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने की अपील की। आयोजकों ने शिविर में स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। करीब 30 यूनिट रक्तदान के जरिए युवाओं ने यह संदेश दिया कि किसी का जीवन बचाने से बड़ा जन्मदिन का उपहार और कोई नहीं हो सकता।

Share This Article