अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
रतनपुर पुलिस की कार्रवाई, इंस्टाग्राम पर बटनदार चाकू का वीडियो डालने का आरोप; आर्म्स एक्ट के तहत आरोपी भेजा गया जेल
बिलासपुर। सोशल मीडिया पर धारदार हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने और सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों को धमकाने वालों के खिलाफ रतनपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने बड़ीबाजार क्षेत्र में एक युवक को बटनदार चाकू के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इंस्टाग्राम पर चाकू दिखाने का आरोप
पुलिस के अनुसार 18 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि बड़ीबाजार क्षेत्र में एक युवक खुलेआम बटनदार चाकू लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा है। आरोप है कि युवक चाकू के साथ वीडियो बनाकर उसे इंस्टाग्राम पर भी पोस्ट कर रहा था।
सूचना मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया और पुलिस टीम को मौके के लिए रवाना किया।
नूतन चौक के पास घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस टीम ने नूतन चौक, बड़ीबाजार रतनपुर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान निजाम अली उर्फ अश्शू (21 वर्ष), पिता रजब अली, निवासी बड़ीबाजार रतनपुर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद कर जब्त किया।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
हथियार बरामद होने के बाद रतनपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन करने और सोशल मीडिया के जरिए भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल साहू, आरक्षक आकाश डोंगरे एवं आरक्षक धनराज कुम्भकार की सक्रिय भूमिका रही।


