रायगढ़ में ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास मिले अज्ञात शव की गुत्थी 24 घंटे में सुलझी, एक युवक और चार नाबालिग अभिरक्षा में
रायगढ़। बिरयानी खाने के लिए रुपये जुटाने के इरादे से लूटपाट करने निकले नशे के आदी युवकों ने विरोध करने पर एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी। रायगढ़ के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास मिले अज्ञात शव के मामले में जूटमिल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक युवक और चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल बटन चाकू, वारदात के दौरान पहने गए रक्तरंजित कपड़े और मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले में हत्या के साथ संगठित अपराध की धारा भी जोड़ी गई है।
जेब टटोलते समय जाग गया मृतक, विरोध पर किए चाकू से कई वार
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 की सुबह जूटमिल थाना पुलिस को ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, जूटमिल पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष आंकी गई। उसके सीने, कंधे और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान मिले। पहचान नहीं होने पर मर्ग कायम कर शव को मरच्युरी में रखवाया गया।
अगले दिन डॉक्टरों की शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की प्रकृति हत्यात्मक बताए जाने के बाद जूटमिल थाने में अपराध क्रमांक 656/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिला सुराग
गंभीर घटना को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने घटनास्थल पहुंचकर पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिए। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान करीब 15 से 16 वर्ष के लड़कों की संलिप्तता की जानकारी मिली।
संदिग्धों के हुलिए के आधार पर मुखबिरों को सक्रिय किया गया। इसके बाद मिट्ठूमुड़ा, बजरंगपारा और सांगीतराई क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस ने राजेश्वर सारथी उर्फ समारू (19 वर्ष) और चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में उन्होंने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
रात एक बजे बिरयानी खाने के लिए निकले थे आरोपी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे के आदी हैं और कथित तौर पर कबाड़ चोरी करने के अलावा शराब के नशे में रहने वाले लोगों, बुजुर्गों तथा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर रात में अकेले आने-जाने वालों को निशाना बनाकर मोबाइल और रुपये लूटते थे। लूट से मिली रकम का इस्तेमाल वे खाने-पीने में करते थे।
आरोपियों के मेमोरेंडम के मुताबिक, 23 अक्टूबर की रात करीब एक बजे वे नशे में थे। इसी दौरान कुछ लड़कों ने बिरयानी खाने की इच्छा जताई और पैसे जुटाने के लिए लूटपाट की योजना बनाई। दो आरोपी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 M 3674 से ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड पहुंचे, जबकि तीन अन्य उनके पीछे वहां पहुंचे।
वहां फल दुकान के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक के नजदीक एक व्यक्ति नशे की हालत में सोया हुआ दिखाई दिया। आरोपियों ने उसकी जेब से रुपये और मोबाइल निकालने के लिए तलाशी शुरू की। इसी दौरान व्यक्ति जाग गया और विरोध करने लगा। आरोप है कि एक विधि से संघर्षरत बालक ने बटन चाकू से उसकी भुजा, सीने, जांघ और पीठ पर लगातार वार कर दिए। इसके बाद आरोपी मृतक की जेब से 700 रुपये निकालकर आपस में बांटकर ले गए।
चाकू, रक्तरंजित कपड़े और मोटरसाइकिल जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और बटन चाकू जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के एक साथ मिलकर पूर्व में वारदातों और इस हत्या को अंजाम देने से जुड़े तथ्यों के आधार पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 के तहत संगठित अपराध की धारा भी जोड़ी गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम को इनाम, सुराग देने वाले नागरिकों का होगा सम्मान
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले का शीघ्र खुलासा करने वाली पुलिस टीम को उचित इनाम देने की घोषणा की है। साथ ही महत्वपूर्ण सुराग उपलब्ध कराने वाले नागरिकों को सम्मानित करने के निर्देश दिए हैं।
कार्रवाई में निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दिव्या बंजारे, वेदवती कुमेटी, एएसआई राजेन्द्र पटेल, प्रधान आरक्षक सतीश पाठक, राजेश पटेल, लोमश राजपूत तथा आरक्षक नरेश रजक, सुशील यादव, तरुण महिलाने, संजय एक्का, शांति मिरी और परमानंद पटेल की अहम भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध कर कानून से बच निकलने की मंशा रखने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों की सुरक्षा और गंभीर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है तथा अपराध में संलिप्त लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


