कोरबा। कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरहामुड़ा में पति द्वारा पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चरित्र शंका को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच आरोपी पति ने धारदार हथियार से हमला कर पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी स्वयं थाने पहुंच गया।
पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा था विवाद, गुस्से में की हत्या
जानकारी के अनुसार आरोपी रमाशंकर यादव और उसकी पत्नी पूर्णिमा यादव के बीच चरित्र शंका को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने गुस्से में आकर पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में पूर्णिमा यादव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
हत्या के बाद खुद थाने पहुंचा आरोपी, पुलिस ने लिया हिरासत में
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रमाशंकर यादव स्वयं थाना पहुंच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दो बेटे और एक बेटी से छिना मां का साया
इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हत्या की इस वारदात में दो पुत्र और एक पुत्री के सिर से मां का साया उठ गया। गांव में घटना के बाद शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।
पाली थाना क्षेत्र के ग्राम बरहामुड़ा की घटना, पुलिस जुटी जांच में
मामला पाली थाना क्षेत्र के ग्राम बरहामुड़ा का बताया जा रहा है। पुलिस हत्या के कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


