वॉशिंगटन/तेहरान, 14 मार्च 2026: अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया में ईरान के सैन्य ठिकानों पर अमेरिकी हमले की जानकारी साझा की है। श्री ट्रंप ने कहा कि ईरान की महत्वाकांक्षाएँ पूरे क्षेत्र पर प्रभुत्व स्थापित करने और इज़राइल को नष्ट करने की थीं, लेकिन अब ये योजनाएँ विफल हो चुकी हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि अमरीकी केंद्रीय कमान ने ईरान के खर्ग द्वीप पर सैन्य ठिकानों पर बमबारी की, जिसमें द्वीप पर मौजूद सभी सैन्य ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान में जानबूझकर तेल अवसंरचना को नहीं टच किया गया। ट्रंप ने अमरीकी हथियारों को दुनिया के सबसे शक्तिशाली और अत्याधुनिक बताया।
साथ ही, अमरीकी सेना ने पश्चिम एशिया में 2,500 मरीन सैनिक और एक युद्धपोत तैनात करने का आदेश दिया है।
इस बीच, तेहरान में फलिस्तीनियों के समर्थन में आयोजित वार्षिक रैली के दौरान एक भीषण विस्फोट हुआ। इज़राइल ने पहले इस क्षेत्र में हमलों की चेतावनी दी थी।
ईरान ने इज़राइल और खाड़ी देशों पर मिसाइल और ड्रोन हमले जारी रखे हैं और होर्मुज जलडमरूमध्य को प्रभावी रूप से बंद कर दिया है, जो दुनिया के 20 प्रतिशत तेल व्यापार का मार्ग है।
लेबनान में संघर्ष के कारण मानवीय संकट गहरा गया है। लगभग 800 लोग मारे गए और आठ लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। इज़राइल ने ईरान समर्थित हिज़बुल्लाह समूह के खिलाफ लगातार हमले किए हैं और आगे भी जारी रहने की चेतावनी दी गई है।

