एसएसपी शशि मोहन सिंह सहित पुलिस अधिकारियों ने की मां भगवती की आराधना, परंपरानुसार हुई हर्ष फायरिंग
रायगढ़, 20 अक्टूबर। विजयदशमी पर्व के अवसर पर रायगढ़ पुलिस लाइन में मंगलवार को पारंपरिक एवं वैदिक विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री शशि मोहन सिंह की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मां भगवती की आराधना कर अस्त्र-शस्त्रों एवं पुलिस वाहनों का पूजन किया।
शस्त्र पूजन से पूर्व पुलिस के सभी अस्त्र-शस्त्रों एवं वाहनों की विधिवत साफ-सफाई की गई तथा उन्हें सुसज्जित कर पूजा स्थल पर रखा गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां भगवती की पूजा-अर्चना करते हुए अस्त्र-शस्त्रों एवं वाहनों का पूजन किया गया। परंपरा के अनुसार देवी को प्रसन्न करने के लिए राखिया फल की बलि भी दी गई। पूजन के पश्चात विजयदशमी की परंपरा का निर्वहन करते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह सहित उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने हर्ष फायरिंग की।

कार्यक्रम में एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी, एडिशनल एसपी ट्रैफिक श्री पुष्पेंद्र सिंह बघेल, डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर, सीएसपी श्री राहुल उइके, डीएसपी श्री रोहित शुक्ला, श्री उत्तम प्रताप सिंह, श्री सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक श्री अमित सिंह और कोतवाली निरीक्षक श्री अमित तिवारी सहित पुलिस लाइन का समस्त अमला उपस्थित रहा।
एसएसपी ने जिलेवासियों को दी विजयदशमी की शुभकामनाएं
इस अवसर पर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने जिलेवासियों को विजयदशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विजयदशमी सत्य, धर्म और न्याय की विजय का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ हर्षोल्लासपूर्वक त्योहार मनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि रायगढ़ पुलिस नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर है।
जिले के सभी थाना-चौकियों में भी हुआ शस्त्र पूजन
विजयदशमी के अवसर पर रायगढ़ जिले के सभी थाना एवं चौकी परिसरों में भी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में शस्त्र पूजन किया गया। इस दौरान अस्त्र-शस्त्रों की साफ-सफाई कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने परंपरा का निर्वहन करते हुए जनसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


