तहसील जलभराव : इंटरलॉकिंग की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने विधायक को सौंपा ज्ञापन

Advertisement
Advertisement

बरसात में जलभराव से आवागमन प्रभावित

माधौगढ़ (जालौन)। माधौगढ़ तहसील परिसर में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव और बदहाल व्यवस्था से परेशान अधिवक्ताओं ने क्षेत्रीय विधायक मूलचंद सिंह निरंजन को ज्ञापन सौंपकर इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण, मिट्टी भराई और पार्किंग व्यवस्था कराने की मांग की है।

वादकारियों और अधिवक्ताओं को हो रही परेशानी

बार एसोसिएशन अध्यक्ष संजय सिंह राजावत और महामंत्री शिवनारायण पाल (एडवोकेट) ने बताया कि तहसील जनपद मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित है, जहां प्रतिदिन 256 राजस्व पंचायतों के किसान, छात्र, वादकारी और आम नागरिक अपने कार्यों के लिए पहुंचते हैं। लेकिन परिसर में इंटरलॉकिंग नहीं होने के कारण बारिश का पानी भर जाता है, जिससे अधिवक्ताओं, वादकारियों, अधिकारियों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

पहले भी उठाई जा चुकी है समस्या

अधिवक्ताओं ने बताया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य को भी ज्ञापन सौंपा गया था। इसमें रजिस्ट्री कार्यालय के पीछे मिट्टी के ढेर और टीनशेड के कारण रास्ता संकरा होने, गड्ढों में मिट्टी भराई कराने तथा वाहनों के लिए समुचित पार्किंग व्यवस्था बनाने की मांग की गई थी।

विधायक से जनहित में की हस्तक्षेप की मांग

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड एवं डीबीटी वितरण कार्यक्रम में पहुंचे विधायक मूलचंद सिंह निरंजन को बार एसोसिएशन अध्यक्ष संजय सिंह राजावत ने पुनः ज्ञापन सौंपते हुए तहसील परिसर में इंटरलॉकिंग बिछवाने और ऊबड़-खाबड़ स्थानों पर मिट्टी भराई कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि हल्की बारिश में भी तहसील परिसर जलमग्न हो जाता है, जिससे लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

कई अधिवक्ता रहे मौजूद

इस दौरान पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष कैलाश चंद्र द्विवेदी, विवेक द्विवेदी, पूर्व कोषाध्यक्ष कप्तान सिंह पाल, राजकुमार याज्ञिक, अखिलेश सविता, माता प्रसाद, राकेश श्रीवास्तव, अखिलेश दोहरे, शिवकुमार गौतम, हलधर त्रिपाठी, धर्मेंद्र सिंह सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।

Advertisement
Share This Article