मतदाता जागरूकता अभियान को मिलेगी नई रफ्तार, ELC 2.0 के तहत नोडल अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण

स्कूल-कॉलेजों में विद्यार्थियों को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर, ईसीआईनेट, मतदाता सूची और ईवीएम-वीवीपैट से जुड़ी दी गई जानकारी

बिलासपुर, 10 सितंबर 2026। जिले में युवाओं और विद्यार्थियों को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ELC 2.0 की कार्ययोजना के तहत जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों और विधानसभा स्तर के को-ऑर्डिनेटरों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवकुमार बनर्जी ने की। इस दौरान पर्यवेक्षक अंकित तिवारी और सहायक निर्वाचन पर्यवेक्षक ब्रजेश पाण्डेय भी मौजूद रहे।

नोडल अधिकारियों को दी गई निर्वाचन संबंधी जानकारी

प्रशिक्षण में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स मिथिलेश मिश्रा, राजेश कुमार सोनी और राजीव शर्मा ने विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के नोडल अधिकारियों को विभिन्न विषयों की जानकारी दी।

अधिकारियों को ECINET एप, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटाने, संशोधन और स्थानांतरण से संबंधित प्रक्रियाओं के बारे में बताया गया। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विभिन्न अर्हता तिथियों की जानकारी भी दी गई।

SSR और SIR की प्रक्रिया पर चर्चा

प्रशिक्षण के दौरान मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित जानकारी भी साझा की गई। अधिकारियों को मतदाता सूची को अद्यतन रखने की प्रक्रिया और पात्र नागरिकों को मतदान व्यवस्था से जोड़ने के उपायों के बारे में बताया गया।

EVM-VVPAT और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी

प्रशिक्षण में EVM-VVPAT के माध्यम से मतदान, संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, नैतिक एवं सूचित मतदान जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई। इसके साथ ही चुनाव से संबंधित गलत सूचनाओं और फर्जी खबरों से बचने तथा विद्यार्थियों को सही एवं प्रमाणित जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

क्विज और अन्य गतिविधियों से जागरूक होंगे विद्यार्थी

विद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को मतदाता जागरूकता गतिविधियों से जोड़ने के लिए क्विज, वर्ग पहेली और शब्द खोज जैसी गतिविधियां आयोजित करने के सुझाव दिए गए। अधिकारियों को ELC को प्रभावी तरीके से संचालित करने और विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक भागीदारी की समझ विकसित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर

प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ना है। ELC के माध्यम से स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर पर मतदाता जागरूकता की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की योजना है।

Share This Article