साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता और जागरूकता जरूरी

नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट सभागार में साइबर अपराध की पहचान, रोकथाम एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार पर विशेष सेमिनार आयोजित

बिलासपुर – 24 सितम्बर 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने तथा डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट, बिलासपुर में “साइबर अपराध की पहचान, रोकथाम एवं सुरक्षा” विषय पर विशेष जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।

सेमिनार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर श्री रजनेश सिंह मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री जे. एस. मीना, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमान मिश्रा, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक श्रीमती पूनम चौधरी, सीएसपी श्री गगन कुमार, डीएसपी श्री सुदीप सरकार सहित रेलवे के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

सेमिनार में मुख्य वक्ता श्री रजनेश सिंह ने साइबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों, अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले तरीकों तथा साइबर ठगी की पहचान और उससे बचाव के उपायों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्कता, जागरूकता और सावधानी ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष रूप से आगाह किया कि किसी भी संदिग्ध फोन कॉल, मैसेज, ई-मेल अथवा लिंक पर बिना सत्यापन के प्रतिक्रिया न दें। साथ ही किसी भी परिस्थिति में ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम/डेबिट कार्ड पिन, बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी अथवा अन्य संवेदनशील विवरण किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी।

सीएसपी श्री गगन कुमार ने साइबर अपराध की घटना होने पर बिना देरी किए शिकायत दर्ज कराने एवं तत्काल कार्रवाई करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी के मामलों में समय पर सूचना एवं शिकायत दर्ज कराने से आवश्यक कार्रवाई में मदद मिलती है। उन्होंने कर्मचारियों को डिजिटल लेन-देन एवं ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करते समय सजग रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना संबंधित माध्यम को देने के लिए प्रेरित किया।

अभिषेक कुमार पाण्डेय रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

Share This Article