वन महोत्सव सप्ताह: ‘एक बच्चा–एक पौधा’ संकल्प के साथ बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Advertisement
Advertisement

सूरजपुर के शासकीय प्राथमिक शाला चट्टीडांड़ में गतिविधि दिवस पर वृक्षारोपण, प्रकृति आधारित प्रतियोगिताएं और ‘एक वृक्ष गोद’ अभियान का आयोजन

सूरजपुर जिले के शासकीय प्राथमिक शाला चट्टीडांड़ में शनिवार को गतिविधि दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एवं एससीईआरटी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वन महोत्सव सप्ताह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

‘एक बच्चा–एक पौधा’ के संकल्प के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत “एक बच्चा–एक पौधा, पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ” के प्रेरक नारे के साथ हुई। प्रधान पाठक गौतम शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि 1 से 7 जुलाई तक मनाया जाने वाला वन महोत्सव केवल वृक्षारोपण का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने बच्चों को पेड़ों के पर्यावरणीय, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी महत्व से भी अवगत कराया।

रचनात्मक गतिविधियों में दिखा बच्चों का उत्साह

शिक्षिका मंजू कुजूर के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने पत्ती छाप, पत्तियों एवं फूलों से कलाकृतियां, पेड़ों में रंग भरना, पत्ती संग्रह, पर्यावरण आधारित गीत तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्राकृतिक संसाधनों के माध्यम से बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

11 विद्यार्थियों ने गोद लिए पेड़, संरक्षण का लिया जिम्मा

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “एक बच्चा–एक वृक्ष” संकल्प रहा। विद्यालय के 11 विद्यार्थियों ने अपने घर या आसपास स्थित एक-एक वृक्ष को गोद लेकर उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।

कक्षा तीसरी के हिमांशु ने अमरूद, जय सोनवानी ने अनार और साम्या सारथी ने इमली का पेड़ गोद लिया। कक्षा चौथी की सोनम सारथी ने अमरूद, रिया सारथी ने आम, रूद्र सारथी ने शहतूत तथा हिना सारथी ने आम के वृक्ष की जिम्मेदारी ली। वहीं कक्षा पांचवीं के गगन ने जामुन, रौनक नायक ने अमरूद, अंशिका ने कटहल और रेवंत नायक ने चकोतरा के वृक्ष के संरक्षण का संकल्प लिया।

प्रतियोगिता के विजेताओं को मिली सराहना

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार पत्ती छाप, प्राकृतिक कलाकृतियों और रचनात्मक प्रदर्शनी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। आयोजित प्रतियोगिता में कक्षा पांचवीं की अंशिका सारथी ने प्रथम, रौनक नायक ने द्वितीय तथा कक्षा दूसरी की रितिका सारथी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

अंत में विद्यालय परिवार ने सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए संकल्प दोहराया कि “आज लगाया गया एक पौधा, आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की अमूल्य धरोहर है।” विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हरियाली बढ़ाने तथा प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।

Advertisement
Share This Article