नवा रायपुर में सौजन्य मुलाकात, अवि को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दी बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
नवा रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव से भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम के एशिया कप विजेता सदस्य अवि मानिकपुरी ने सौजन्य मुलाकात की। यह मुलाकात नवा रायपुर स्थित उप मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में हुई, जहां श्री साव ने अवि को भारत की जीत में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बने अवि मानिकपुरी
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि अवि मानिकपुरी की उपलब्धि राज्य के सभी उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि अवि ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कड़ी मेहनत के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है और भारतीय टीम में स्थान प्राप्त किया है।
उन्होंने अवि को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

जापान में भारत ने जीता स्वर्ण, अवि की रही अहम भूमिका
बिलासपुर निवासी अवि मानिकपुरी भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम के उभरते खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्होंने हाल ही में जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया और शानदार प्रदर्शन किया।
पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जिसमें अवि मानिकपुरी का योगदान महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
खेल संघ के पदाधिकारी भी रहे उपस्थित
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, महासचिव डॉ. मनीष श्रीवास्तव, संयुक्त सचिव अमिताभ मानिकपुरी और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे भी मौजूद रहे।




