दुर्ग में हाई-टेक हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ 2 युवक गिरफ्तार, प्रदेश में पहली बार जब्ती का दावा

Advertisement

भिलाई (दुर्ग)। दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो युवकों को गांजा और हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि प्रदेश में पहली बार इस तरह का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया गया है। दोनों आरोपी हाई-टेक तरीके से तैयार किए गए नशीले पदार्थ की बिक्री कर रहे थे।


सूचना के आधार पर पुलिस की कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि रुआबांधा क्षेत्र में बीज विकास निगम के पास कुछ युवक नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहे हैं। बताया गया कि आरोपी न सिर्फ गांजा बेच रहे थे, बल्कि नशा करने के लिए चिलम और रोलिंग पेपर भी ग्राहकों को उपलब्ध करा रहे थे।


दो आरोपी गिरफ्तार, हाई-टेक ड्रग बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम साहू (29) निवासी तालपुरी और यश विश्वकर्मा (27) निवासी हुडको के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से सामान्य गांजे के साथ छोटे पैकेट में हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया।


क्या है हाइड्रोपोनिक गांजा

हाइड्रोपोनिक गांजा एक उन्नत तकनीक से तैयार किया जाने वाला नशीला पदार्थ है, जिसे मिट्टी के बिना सिर्फ पानी और विशेष पोषक तत्वों की मदद से लैब या बंद कमरों में उगाया जाता है। यह सामान्य गांजे की तुलना में अधिक शक्तिशाली और महंगा माना जाता है।


पुलिस जांच जारी

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस हाई-टेक नशे का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें कौन-कौन शामिल हैं।

Share This Article