डीआईजी/एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर डॉयल 112 वाहन को किया रवाना
सूरजपुर। जिले में पुलिस सहायता व्यवस्था को और अधिक तेज, प्रभावी एवं सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए डॉयल 112 सेवा का ट्रायल प्रारंभ कर दिया गया है। शुक्रवार को डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर डॉयल 112 वाहन को रवाना किया। यह सेवा विशेष रूप से दुर्घटनाओं, आपात स्थिति और तत्काल पुलिस सहायता के लिए शुरू की गई है।
विश्रामपुर क्षेत्र में 24 घंटे सक्रिय रहेगा डॉयल 112 वाहन
जानकारी के अनुसार, सी-4 रायपुर से डॉयल 112 सेवा के लिए एक वाहन प्राप्त हुआ है, जिसका कोड “विश्रामपुर-अरपा-1” रखा गया है। फिलहाल इसे जिले में प्रारंभिक ट्रायल के रूप में शुरू किया गया है। यह वाहन विश्रामपुर क्षेत्र में 24 घंटे सातों दिन लगातार सक्रिय रहेगा और जरूरत पड़ने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर लोगों को सहायता उपलब्ध कराएगा।
पूरे जिले में जल्द शुरू होगी आधुनिक पुलिस रिस्पांस सेवा
डीआईजी/एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि आगामी दिनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए डॉयल 112 की 12 और गाड़ियां प्राप्त होंगी। इसके बाद यह सेवा पूरे जिले में सुचारू रूप से संचालित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से पुलिस रिस्पांस सिस्टम और अधिक मजबूत होगा तथा लोगों को त्वरित सहायता मिल सकेगी।
आपातकालीन सहायता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डॉयल 112 सेवा शुरू होने से सड़क दुर्घटनाओं, आपराधिक घटनाओं और अन्य आपात परिस्थितियों में लोगों को तुरंत मदद मिल पाएगी। इससे पुलिस और आम जनता के बीच समन्वय भी मजबूत होगा तथा घटनास्थल तक पहुंचने में लगने वाला समय कम होगा।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी, डीएसपी अनूप एक्का, रीना नीलम कुजूर, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप सहित जिले के थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।


