छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक, प्रशासनिक और खेल गतिविधियों से भरा दिन

3 Min Read
📊 Post Views: 1 Views

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज का दिन राजनीतिक, प्रशासनिक और खेल मोर्चे पर बेहद सक्रिय रहने वाला है। मुख्यमंत्री, विधानसभा सत्र और कर्मचारी आंदोलनों के साथ-साथ खेल आयोजनों के कई कार्यक्रम निर्धारित हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का व्यस्त कार्यक्रम

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वे सुबह 11:25 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा में कार्यवाही में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 4 बजे नया रायपुर स्थित IIT परिसर में आयोजित ‘21 छत्तीसगढ़ यूथ साइटईस्ट कांग्रेस 2026’ कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे शाम 7:25 बजे तक फिर से विधानसभा कार्यवाही में उपस्थित रहेंगे।

विधानसभा बजट सत्र का 13वां दिन

छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज अपने 13वें दिन है। सदन में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। प्रमुख मुद्दों में जंबूरी अनियमितता, स्कूलों के युक्तिकरण, भानुप्रतापपुर वन मंडल में अवैध कटाई, तकनीकी शिक्षा में अनियमितताएं शामिल हैं। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित अन्य मंत्री सदन में सवालों के जवाब देंगे। इसके अलावा चार संशोधन विधेयक पारित किए जाएंगे और विधायकों द्वारा याचिकाएं प्रस्तुत की जाएंगी।

कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन का प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर आज प्रदेशभर में कर्मचारी और अधिकारी प्रदर्शन करेंगे। यह प्रदर्शन जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में भोजन अवकाश के दौरान आयोजित होगा। प्रमुख मांगों में लंबित महंगाई भत्ता एरियर्स का भुगतान, समयमान वेतनमान, अर्जित अवकाश नकदीकरण, वेतन विसंगतियों का निवारण, नियमितीकरण और पदोन्नति, सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाकर 65 वर्ष करना, और अनुकंपा नियुक्ति की सीमा समाप्त करना शामिल है। फेडरेशन ने सभी कर्मचारियों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 का पहला आयोजन

छत्तीसगढ़ में पहली बार ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 25 मार्च से 6 अप्रैल तक रायपुर, बस्तर (जगदलपुर) और सरगुजा में आयोजित होगी। इसमें लगभग 2,500 खिलाड़ी और अधिकारी भाग लेंगे। प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, तीरंदाजी और कुश्ती जैसे खेल शामिल हैं।

पंजीयन विभाग का विशेष निर्णय

मार्च के दौरान छुट्टियों पर भी पंजीयन कार्यालय खुलेंगे। शनिवार, रविवार और महावीर जयंती को कार्यालय खुला रहेगा, जबकि रामनवमी और ईद पर बंद रहेगा। 31 मार्च को बैंक और कोषालय में काम जारी रहेगा। इस निर्णय से संपत्ति पंजीकरण में तेजी आएगी और वित्तीय वर्ष के अंत तक कार्य समय पर पूरा हो सकेगा।

📊 Post Views: 1 Views
TAGGED:
Share This Article