कोरिया पुलिस ने करीब 40 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया, तीन तलवार समेत अन्य सामान जब्त
कोरिया। थाना पटना क्षेत्र के पाण्डोपारा स्थित टीएमसी कंपनी की झिलमिली साइट के स्टोर में हुई करीब 50 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 40 लाख रुपये कीमत के तांबा, पीतल और कांसा से बने मशीनों के महंगे पार्ट्स बरामद किए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
छत की शीट उखाड़कर स्टोर में घुसे चोर
पुलिस के मुताबिक, 21 और 22 अगस्त की दरम्यानी रात आरोपियों के एक समूह ने टीएमसी कंपनी के स्टोर की छत की शीट उखाड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कोयला उत्खनन में इस्तेमाल होने वाली मशीनों के तांबा, पीतल और कांसा से निर्मित महंगे पार्ट्स चोरी कर लिए गए। चोरी किए गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई।
घटना के संबंध में टीएमसी पण्डोपारा परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर श्यामल मैती ने 24 अगस्त को थाना पटना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 228/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
जंगल में छिपाकर रखा था चोरी का माल
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी के बाद सामान को करीब एक दिन तक बड़सरा जंगल में छिपाकर रखा था। इसके बाद चोरी किए गए सामान को चरचा निवासी कबाड़ी अब्दुल वासिब उर्फ गोलू के पास बेचने की बात सामने आई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कबाड़ी के कब्जे से तांबा, पीतल और कांसा से बने मशीनों के महंगे पार्ट्स बरामद किए। पुलिस के अनुसार बरामद सामान की कीमत करीब 40 लाख रुपये है। इसमें से कुछ सामान अन्य कबाड़ी को बेचे जाने की जानकारी भी सामने आई है।
तीन तलवार समेत मोबाइल, टॉर्च और नकदी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना के दौरान इस्तेमाल के लिए रखी गई तीन तलवार, टॉर्च, मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी किए गए धातु के पार्ट्स को बेचकर आर्थिक लाभ कमाने की योजना बनाई थी।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
- किशन कुमार, उम्र 24 वर्ष
- मंगलराम उर्फ गोलू, उम्र 24 वर्ष
- करन, उम्र 24 वर्ष
- अब्दुल वासिब उर्फ गोलू मियां, उम्र 30 वर्ष
सभी आरोपी कोरिया जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों को 27 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध थाना पटना, चरचा और बैकुंठपुर क्षेत्र में चोरी से संबंधित पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए हैं। चोरी हुए माल का आधे से अधिक हिस्सा बरामद किया जा चुका है। शेष सामान की बरामदगी और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।
साइबर सेल और पुलिस टीम की अहम भूमिका
पुलिस अधीक्षक हरिश राठौर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देश पर एसडीओपी आशा सेन एवं राजेश साहू के मार्गदर्शन में थाना पटना और साइबर सेल की टीम ने संदिग्धों की पहचान कर पूछताछ की। पुलिस टीम की कार्रवाई के दौरान चोरी के माल तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय सहित साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक अमोल खलखो, पुलिसकर्मियों और विवेचना टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसपी ने की आमजन से अपील
पुलिस अधीक्षक हरिश राठौर ने लोगों से अपील की है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि या चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने कहा कि चोरी और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


