रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा कर एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में थाना चक्रधरनगर का निगरानी बदमाश शिवा सारथी भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹63,700 नगद, सोने का टॉप्स, पीतल का लोटा, रेंजर साइकिल, चोरी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, लोहे की रॉड सहित करीब ₹2 लाख की मशरूका बरामद की है।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिले सुराग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक महिला और पुरुष संदिग्ध दिखाई दिए, जिनकी पहचान शिवा सारथी और उसकी पत्नी पिंकी सारथी के रूप में हुई। इसी दौरान चोरी का सोने का टॉप्स बेचने की कोशिश कर रहे आरोपी की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर शिवा सारथी को हिरासत में लिया।
दो वारदातों का किया खुलासा
पहली घटना सूर्या बिहार, कौहाकुंडा की है, जहां प्रोफेसर सरोज कुमार चंद्रा के घर के पोर्च से रेंजर साइकिल चोरी कर ली गई थी। दूसरी घटना दीनदयालपुरम कॉलोनी फेस-1 में हुई, जहां सूने मकान का ताला तोड़कर नकदी, सोने का टॉप्स और पीतल का लोटा चोरी कर लिया गया था। गृहस्वामिनी परिवार में शोक होने के कारण बाहर गई हुई थीं।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पूछताछ में शिवा सारथी ने बताया कि उसने साथी कुश केरकेट्टा के साथ पहले साइकिल चोरी की थी। उसी रात पत्नी पिंकी सारथी और प्रभात राय उर्फ सोनू बंगाली के साथ मिलकर दीनदयालपुरम स्थित सूने मकान का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी किए। चोरी की रकम आपस में बांट ली गई, जबकि कुछ राशि खर्च कर दी गई।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹63,700 नगद, सोने का टॉप्स, पीतल का लोटा, रेंजर साइकिल, वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर और सीडी-100 मोटरसाइकिल, लोहे की रॉड सहित करीब ₹2 लाख का सामान जब्त किया है।
चारों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपियों में शिव सारथी उर्फ शिवा, पिंकी सारथी उर्फ पिंकी चौहान उर्फ मनीषा, प्रभात राय उर्फ सोनू बंगाली और कुश केरकेट्टा शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी बोले— अपराधियों के लिए जिले में कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के जरिए चोरी की हर घटना का त्वरित खुलासा किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।


