बिसरा में धूमधाम से मनाया गया कुड़मी समाज का पारंपरिक बांदना परब, संस्कृति और परंपराओं की दिखी झलक

पांच दिवसीय लोकपर्व में मवेशियों की पूजा, पारंपरिक गीत-संगीत और झूमर नृत्य ने बांधा समां, समाज की पहचान और मातृभाषा को संरक्षित रखने का किया गया आह्वान

बिसरा (सुंदरगढ़)। सुंदरगढ़ जिले के पुराना बिसरा गांव में बिसरा कुड़माली सांस्कृतिक अखाड़ा, नागरा के तत्वावधान में आदिम कुड़मी समुदाय का पारंपरिक एवं ऐतिहासिक पर्व ‘बांदना परब’ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पांच दिनों तक चलने वाले इस लोकपर्व में समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता की भावना देखने को मिली।

संगोष्ठी में जुटे समाज के बुद्धिजीवी और प्रतिनिधि

इस अवसर पर विशेष विचार गोष्ठी का आयोजन युवा समाजसेवी सहदेव महतो की अध्यक्षता में किया गया। इसमें समाज के बुद्धिजीवियों, युवाओं और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आदिवासी कुड़मी समाज, पश्चिम सिंहभूम के अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण महतो उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता के रूप में दिल्ली आदिवासी कुड़मी समाज के संगठक इंजीनियर अमित महतो शामिल हुए।

वहीं, ओडिशा कुड़माली नेगाचारी अखाड़ा के सचिव योगेश्वर महंत और मनोहरपुर आदिवासी कुड़मी समाज के अध्यक्ष कदम बिहारी महतो सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा राउरकेला कुड़माली सांस्कृतिक अखाड़ा के अध्यक्ष लक्ष्मण महतो सहित कई गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

संस्कृति और मातृभाषा को बचाने का आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि लक्ष्मीनारायण महतो ने समाज की प्राचीन परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने की अपील की। मुख्य वक्ता इंजीनियर अमित महतो ने आगामी जनगणना के फॉर्म में अपनी पहचान के रूप में जाति ‘कुड़मी’ और मातृभाषा ‘कुड़माली’ दर्ज कराने का आह्वान किया।

इस दौरान पुरुलिया के कोड़ाडीह में आयोजित ऐतिहासिक करम महोत्सव में शामिल होने वाले समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया।

पांच दिनों तक मवेशियों की सेवा और पूजा की परंपरा

बांदना परब पांच दिनों तक मनाया जाने वाला ऐसा लोकपर्व है, जिसमें मवेशियों के प्रति सम्मान, सेवा और कृतज्ञता व्यक्त की जाती है। इसकी परंपराओं के अनुसार पहले और दूसरे दिन मवेशियों को तेल लगाकर उनकी देखभाल की जाती है। इन दिनों को ‘तेल दिया’ कहा जाता है।

तीसरे दिन गोठाइन पूजा और जागरण होता है। रातभर पारंपरिक ‘धिंगुआन’ भ्रमण किया जाता है तथा सुबह ढोल-मृदंग की थाप पर ‘माछी खेदा’ की रस्म निभाई जाती है।

चौथे दिन गोहाल या गोरइया पूजा की जाती है। इस दौरान गोशाला में विधिवत पूजा-अर्चना कर ‘गोरइया पीठा’ और ‘गोरइया हड़िया’ अर्पित किए जाते हैं। मवेशियों की सुरक्षा और समृद्धि की कामना के साथ उन्हें तेल-सिंदूर लगाया जाता है तथा फूलों की माला और धान की बालियों से बने ‘मांडुएर’ मुकुट पहनाए जाते हैं। इसी दिन ‘बुढ़ी बांदना’ के माध्यम से पूर्वजों का स्मरण कर बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया जाता है।

पर्व के पांचवें और अंतिम दिन ‘गोरू खुंटा’ मनाया जाता है। इसे मवेशियों के आत्मरक्षा प्रशिक्षण से जुड़ी परंपरा माना जाता है। इसमें खूंटे से बांधकर मवेशियों को बाघ और भालू जैसे जंगली जानवरों से बचाव के लिए प्रशिक्षित करने की रस्म निभाई जाती है। इसके बाद उन्हें चरने के लिए छोड़ दिया जाता है।

गोसाईं राई से जुड़ी है लोकमान्यता

बांदना परब को लेकर प्रचलित लोकमान्यता के अनुसार कार्तिक अमावस्या के दिन मवेशियों के सृष्टिकर्ता ‘गोसाईं राई’ धरती पर आते हैं। वे देखते हैं कि मनुष्य अपने पशुओं की सेवा, देखभाल और सम्मान किस प्रकार कर रहे हैं। इसी मान्यता के चलते इस पर्व में मवेशियों की विशेष पूजा और सेवा की जाती है।

अहिरा और चांचरी गीतों के बीच झूमर नृत्य से समापन

कार्यक्रम की शुरुआत गांव के महतो परीक्षित महतो द्वारा ‘गराम धरम करम ठाकुर’ की पूजा और सामूहिक अखाड़ा वंदना के साथ हुई। पूरे आयोजन के दौरान अहिरा, चांचरी और दांडीआरी जैसे पारंपरिक लोकगीतों की गूंज रही।

समारोह में निशामणि महतो ने स्वागत भाषण दिया। नागरा पीढ़ी कुड़मी समाज के अध्यक्ष ध्रुव चरण महतो ने मंच संचालन किया, जबकि आदिवासी कुड़मी समाज के जिला सचिव नागेश्वर महतो ने आभार व्यक्त किया। अंत में सामूहिक झूमर नृत्य के साथ पांच दिवसीय बांदना परब का समापन हुआ।

Share This Article