शादी से लौटने के बाद बिगड़ी थी तबीयत
विनीता मूलतः गांव गिधौरी की रहने वाली है. जिसका विवाह 8 वर्ष पूर्व गांव भलपहरी के मुकेश के साथ हुआ था, दो छोटे बच्चे भी हैं. अब तक की जानकारी के अनुसार विनीत 14, 15 मई को एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी. जहां उसकी तबियत एकदम ठीक थी. लेकिन इसके बाद घर पहुंचते ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया.
हालत बिगड़ने के बाद उसे बिलासपुर, रायपुर ले जाने की तैयारी की जा रही थी. लेकिन इससे पहले ही उसने 19 मई को रास्ते में ही दम तोड़ दिया, अब मायके पक्ष का आरोप है कि विनीता के ससुराल वालों ने बेहद जल्दबाजी और आनन फानन में विनीता का कफन दफन किया है. मायके पक्ष को ठीक तरह से सूचना भी नहीं दी गई, इसलिए मामला संदिग्ध लग रहा है. ससुराल वाले विनीता को अक्सर दहेज के नाम पर प्रताड़ित किया करते थे. शादी के बाद से ही वह काफी परेशान थी. कई बार मायके में आकर रहती थी. अब अंततः उसकी मौत हो गई है.
हमेशा दहेज के लिए किया जाता था प्रताड़ित
रिश्ते में विनीता की चाची कौशल्या अनंत कब्र खोदकर शव निकालने वाले स्थान पर मौके पर मौजूद थी.जिन्होंने बताया कि विनीत अभी कुछ दिन पहले ही मेरे साथ एक शादी में गई थी. जहां वह काफी खुश थी. हमने साथ में नाच गाना भी किया था, लेकिन जैसे ही वह घर गई पता चला कि उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई है. अस्पताल में भर्ती करना पड़ गया है. मैंने वीडियो कॉलिंग करके भी हाल-चाल जाना. इसके बाद हम उसेसे मिलने के लिए आ ही रहे थे कि फिर पता चला कि 19 तारीख को उसकी मौत हो गई. इसके बाद बेहद जल्दबाजी में उसका कफन दफन कर दिया गया. हमारा इंतजार भी नहीं किया गया.
विनीता को उसके ससुराल पक्ष वाले हमेशा दहेज नहीं लाई हो, ऐसा कहकर प्रताड़ित करते थे. मारपीट भी करते थे.शादी के 2 महीने बाद से ही वह काफी परेशान थी. छोटे-छोटे बच्चे हैं. इस कारण वह ससुराल वापस लौट जाती थी. हमें यह मामला संदिग्ध लग रहा है. इसलिए पुलिस से जांच की मांग की है- कौशल्या अनंत, विनीता की चाची
बीमारी से मौत की आशंका, अब पीएम रिपोर्ट का इंतजार
इस विषय में उरगा थाना के टीआई नवीन पटेल ने मीडिया से बात की. उन्होंने बताया कि विनीता की मृत्यु के बाद कब्र खोदकर शव निकाला गया है. मृत्यु के बाद मायके पक्ष वालो ने ससुराल पक्ष वालों पर गंभीर आरोप लगाया है.अब एसडीएम और तहसीलदार के आदेश पर पूरी टीम की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया गया है, जैसे ही पीएम रिपोर्ट आ जाएगी उसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.विनीता की मृत्यु 19 मई को हो गई थी. इलाज 100 बेड अस्पताल में चल रहा था. तेज बुखार, पीलिया, हेपेटाइटिस बी की शिकायत थी. खून की भी कमी थी. इसलिए ऐसा प्रतीत हो रहा है की बीमारी मौत से हो सकती है.