नर्सिंग कॉलेज व महिला समृद्धि बाजार की स्थापना की मांग
सूरजपुर। जिला पंचायत सभाकक्ष में गुरुवार को चिंतामणि महाराज, सांसद सरगुजा एवं दिशा समिति अध्यक्ष की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा समिति) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा के साथ जिले के समग्र विकास पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान नगर पालिका परिषद सूरजपुर की अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता राजवाड़े ने सांसद को ज्ञापन सौंपकर जन अपेक्षाओं पर आधारित महत्वपूर्ण मांगें रखीं। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि सूरजपुर को जिला बने 13 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं, इसके बावजूद जिलेवासियों की कई मूलभूत अपेक्षाएं अब भी अधूरी हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष ने जिला मुख्यालय में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की मांग करते हुए कहा कि जिले में निजी एवं शासकीय अस्पतालों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। ऐसे में नर्सिंग कोर्स के प्रति युवाओं का रुझान भी तेजी से बढ़ा है। यदि जिला मुख्यालय में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना होती है तो मेडिकल एवं नर्सिंग क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
इसके साथ ही उन्होंने स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए “महिला समृद्धि बाजार” स्थापित करने की आवश्यकता भी उठाई। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्म-निर्भर बनाने के उद्देश्य से घरेलू उद्योगों के लिए प्रोत्साहित तो किया गया है, लेकिन उनके उत्पादों के विक्रय हेतु समुचित बाजार व्यवस्था नहीं है। महिला समृद्धि बाजार की स्थापना से महिला उद्यमियों को स्थायी मंच मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।
ज्ञापन के अंत में सांसद से सहानुभूति पूर्वक विचार कर मांगों की स्वीकृति प्रदान कराने का आग्रह किया गया। सांसद ने आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ संबंधित स्तर पर रखा जाएगा। बैठक में जन-प्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
