बस्तर फाइटर बनने का सपना होगा साकार, नारायणपुर पुलिस देगी युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण

Advertisement

‘माड़ परियोर अभियान’ की शुरुआत, शारीरिक दक्षता से लेकर लिखित परीक्षा तक मिलेगी तैयारी

नारायणपुर। जिले के युवक-युवतियों को बस्तर फाइटर भर्ती के लिए तैयार करने के उद्देश्य से नारायणपुर पुलिस ने ‘माड़ परियोर अभियान’ शुरू करने की पहल की है। इस अभियान के तहत भर्ती में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को निःशुल्क प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जाएगा। खास तौर पर दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों के युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि संसाधनों और उचित मार्गदर्शन के अभाव में कोई भी प्रतिभाशाली अभ्यर्थी पीछे न रह जाए।

तीन स्थानों पर शुरू होंगे प्रशिक्षण शिविर

अभियान के प्रथम चरण में जिला मुख्यालय नारायणपुर, ग्राम झारा और ग्राम छोटेडोंगर में प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ किए जा रहे हैं। इसके बाद बेनूर, कोहकमेटा और ओरछा में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक युवक-युवतियां अपने संबंधित थाना अथवा पुलिस कैंप में संपर्क कर प्रशिक्षण का लाभ ले सकते हैं।

दौड़, लंबी कूद और लिखित परीक्षा की तैयारी

प्रशिक्षण शिविरों में भर्ती प्रक्रिया के अनुरूप अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता विकसित करने के साथ लिखित परीक्षा की तैयारी भी कराई जाएगी। अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद और गोला फेंक सहित विभिन्न शारीरिक गतिविधियों का अभ्यास कराया जाएगा। वहीं, लिखित परीक्षा के लिए विषयवार मार्गदर्शन देकर अभ्यर्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर प्रदान किया जाएगा।

अंदरूनी क्षेत्रों के युवाओं पर विशेष ध्यान

नारायणपुर पुलिस का लक्ष्य जिले के दूरस्थ और अंदरूनी इलाकों के युवाओं को भर्ती की तैयारी के लिए आवश्यक सुविधाएं और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। अभियान के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, शारीरिक क्षमता बढ़ाने और पुलिस सेवा में शामिल होने के सपने को साकार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) ने जिले के युवक-युवतियों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क प्रशिक्षण अभियान से जुड़ें और अनुशासन, मेहनत तथा समर्पण के साथ बस्तर फाइटर भर्ती की तैयारी करें। उन्होंने युवाओं से पुलिस सेवा में शामिल होकर क्षेत्र और समाज की सेवा में योगदान देने का आह्वान किया।

नारायणपुर पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य युवाओं को सही दिशा देना, बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना और भर्ती की तैयारी के लिए समान अवसर सुनिश्चित करना है।

Share This Article