पेंड्रा: रंगों के पावन पर्व होली के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के आला अधिकारियों का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के किशोर न्याय बोर्ड और बाल कल्याण समिति के तत्वाधान में आयोजित होली मिलन समारोह में जिले के शीर्ष अधिकारी अनुशासन की सीमाएं तोड़कर मस्ती के रंग में डूबे नजर आए।

वरिष्ठ अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह
किशोर न्याय बोर्ड परिसर में आयोजित इस भव्य मिलन समारोह और सहभोज में पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा और पेंड्रारोड एसडीएम विक्रांत अंचल विशेष रूप से मौजूद रहे। आमतौर पर गंभीर नजर आने वाले इन अधिकारियों ने न केवल गुलाल खेलकर खुशियां बांटी, बल्कि ढोल-नगाड़ों और होली के पारंपरिक गीतों पर जमकर नृत्य भी किया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
समारोह के दौरान जब एसपी मनोज कुमार खिलारी, एडिशनल एसपी अविनाश मिश्रा और जिला मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा ने डांस फ्लोर पर अपनी प्रतिभा दिखाई, तो पूरा माहौल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अधिकारियों के इस खुशमिजाज और सरल व्यवहार का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी आम जनता काफी सराहना कर रही है।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देना है।
— सुचंद्र तिवारी, अध्यक्ष (किशोर न्याय बोर्ड)
आयोजन में ये रहे शामिल
कार्यक्रम का सफल आयोजन किशोर न्याय बोर्ड के अध्यक्ष सुचंद्र तिवारी और बाल कल्याण समिति के सदस्यों द्वारा किया गया। इस दौरान जिले के अन्य गणमान्य नागरिक और विभिन्न विभागों के कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं और सहभोज का आनंद लिया।
