अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
2 अक्टूबर तक होंगे स्वच्छता, जनजागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम
बिलासपुर, 17 सितंबर 2026। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान चलाया जाएगा। इस वर्ष अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखी गई है। अभियान के बाद 1 से 15 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा भी आयोजित किया जाएगा।
अभियान के दौरान रेलवे परिसरों की साफ-सफाई के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।
रेलवे स्कूलों और कॉलोनियों में जागरूकता कार्यक्रम
17 और 18 सितंबर को रेलवे स्कूलों एवं कॉलोनियों में विद्यार्थियों और युवाओं के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा पृथक्करण, जल संरक्षण और स्वच्छता से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम होंगे।
विद्यार्थियों को रेलवे की स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन सुविधाओं का भ्रमण कराया जाएगा। इसके अलावा संवाद, वाद-विवाद, चित्रकला प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
कचरा संवेदनशील स्थानों की होगी विशेष सफाई
19 और 20 सितंबर को कचरा संवेदनशील स्थलों तथा क्लीननेस टारगेट यूनिट्स (सीटीयू) में विशेष सफाई अभियान चलाकर संबंधित स्थानों के सौंदर्यीकरण पर काम किया जाएगा। इस दौरान सामाजिक संगठनों और स्थानीय प्रतिष्ठित नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
स्टेशन और ट्रेनों में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
21 और 22 सितंबर को “स्वच्छ स्टेशन–स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ सार्वजनिक स्थान” अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों और चयनित ट्रेनों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
ट्रेनों में शौचालय, कोच, लिनेन, ऑनबोर्ड हाउसकीपिंग (ओबीएचएस) और पेंट्रीकार की स्वच्छता का निरीक्षण किया जाएगा। वहीं स्टेशनों पर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन की व्यवस्था तथा प्लेटफॉर्म को प्लास्टिक मुक्त रखने के प्रयासों को बढ़ावा दिया जाएगा।
घर-घर जागरूकता से होम कंपोस्टिंग तक
23 और 24 सितंबर को रेलवे कॉलोनियों में घर-घर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान होम कंपोस्टिंग और बायो-कंपोस्ट, सिंगल यूज प्लास्टिक के कम उपयोग तथा कपड़े के थैलों को अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।
इसके अलावा जीरो-वेस्ट खेल प्रतियोगिताएं, ‘नेकी की दीवार’ और आरआरआर संग्रह केंद्रों के माध्यम से वस्तुओं के पुनः उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा।
खेल और रचनात्मक गतिविधियों से स्वच्छता का संदेश
25 और 26 सितंबर को जीरो-वेस्ट थीम पर स्काउट गाइड और स्कूली बच्चों के लिए खेल आधारित गतिविधियां आयोजित होंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से मनोरंजन के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
विरासत और पर्यटन स्थलों पर भी चलेगा अभियान
27 सितंबर को रेलवे से जुड़े विरासत एवं पर्यटन स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। यहां थीम आधारित ब्रांडिंग के साथ यात्रियों को जिम्मेदार पर्यटन और बेहतर नागरिक व्यवहार के प्रति जागरूक किया जाएगा।
‘कबाड़ से कला’ और रीसाइक्लिंग को मिलेगा बढ़ावा
28 और 29 सितंबर को “स्वच्छता से समृद्धि” की अवधारणा के तहत ‘कबाड़ से कला’ जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अनुपयोगी रेलवे सामग्री से उपयोगी वस्तुएं तैयार करने की रचनात्मक पहल को प्रोत्साहित करने के साथ प्लास्टिक रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने के लिए भी कार्यक्रम होंगे।
सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और सम्मान पर विशेष ध्यान
30 सितंबर को ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ आयोजित किया जाएगा। शिविर में सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की जांच, पीपीई किट एवं सुरक्षा सामग्री का वितरण और विभिन्न सामाजिक कल्याण योजनाओं से जोड़ने के लिए सहायता उपलब्ध कराने जैसी गतिविधियां होंगी।
स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सफाई मित्रों और स्वच्छाग्रहियों का सम्मान भी किया जाएगा।
1 अक्टूबर को एक साथ श्रमदान
1 अक्टूबर को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” थीम पर श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें रेलकर्मियों, उनके परिवारों और आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस
अभियान के अंतिम दिन 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर विभिन्न स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को केवल एक निर्धारित अवधि की गतिविधि न रखते हुए इसे दैनिक जीवन और सामुदायिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने के लिए लोगों को प्रेरित करना है।




