आईजी ने सभी जिलों के एसपी को दिए निर्देश
अंबिकापुर। सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा ने कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए रेंज के सभी जिलों में किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों, मुसाफिरों, संदिग्ध लोगों और अन्य राज्यों के फरार आरोपियों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
गैंगस्टर के वर्षों तक छिपकर रहने के मामले के बाद कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, हाल ही में सामने आए एक मामले में झारखंड के धनबाद का वांछित आरोपी साबीर आलम, जिसे एक पुराने हत्या मामले में भगोड़ा घोषित किया गया था, वर्ष 2013 से अंबिकापुर के मोमिनपुरा क्षेत्र में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। इस घटना के बाद सत्यापन अभियान को और सख्ती से लागू करने का निर्णय लिया गया।
बीटवार होगा सत्यापन अभियान
आईजी ने निर्देश दिए हैं कि शहरी थाना क्षेत्रों को बीट और वार्डवार विभाजित कर अधिकारी-कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाए। अभियान के दौरान किरायेदारों, होटल-ढाबों, ईंट भट्ठों, उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों, घुमंतू लोगों, फेरीवालों और मुसाफिरों का सत्यापन किया जाएगा।
मकान मालिकों को देनी होगी पूरी जानकारी
पुलिस ने मकान मालिकों से किरायेदारों की पूरी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है। यदि कोई मकान मालिक जानकारी देने से इंकार करता है या सहयोग नहीं करता, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निगरानी बदमाशों और जिला बदर अपराधियों की भी नियमित जांच की जाएगी।
आम जनता से सहयोग की अपील
सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति, फरार आरोपी या आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्ति रह रहा हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


