एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल, आपदा प्रबंधन का दिया गया प्रशिक्षण
सूरजपुर। जिले में राष्ट्रीय अग्नि सुरक्षा जागरूकता सप्ताह (14 से 20 अप्रैल) के तहत बुधवार को पुलिस लाइन सूरजपुर में अग्नि सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह मॉक ड्रिल डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर नगर सेना के अग्निशमन दल द्वारा आयोजित की गई, जिसमें पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को आगजनी जैसी आपात स्थितियों से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। मॉक ड्रिल के दौरान आग लगने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य, सुरक्षित निकासी, समन्वय और संयम बनाए रखने के तरीकों का लाइव प्रदर्शन किया गया। अग्निशमन दल ने बताया कि समय रहते सही निर्णय और त्वरित कार्रवाई से बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। इस अवसर पर एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि किसी भी आपदा या आगजनी की स्थिति में पुलिस बल से लोगों की उम्मीदें बढ़ जाती हैं। ऐसे में हर अधिकारी और जवान का प्रशिक्षित होना बेहद जरूरी है, ताकि मौके पर पहुंचकर प्रभावी ढंग से राहत और बचाव कार्य किया जा सके।

उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल एक महत्वपूर्ण पूर्वाभ्यास है, जो समयबद्धता, समन्वय और धैर्य बनाए रखने की सीख देता है। उन्होंने संस्थानों, कार्यालयों और कारखानों को अपने यहां अग्निशामक यंत्रों की उपलब्धता एवं उनकी नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस और अग्निशमन दल का एक ही उद्देश्य है— जनजीवन की सुरक्षा और आपदा में त्वरित राहत।
जिला अग्निशमन अधिकारी संजय गुप्ता ने बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत 101 या 112 नंबर पर सूचना दें, बिजली का मुख्य स्विच बंद करें और यदि आग छोटी हो तो अग्निशामक यंत्र या गीले कंबल का उपयोग करें। उन्होंने धुएं से बचने के लिए झुककर बाहर निकलने और भीड़ से दूर रहने की सलाह दी।
आग से बचाव के प्रमुख उपाय
आग लगने पर घबराएं नहीं, तुरंत कार्रवाई करें। छोटी आग को अग्निशामक यंत्र, रेत या मिट्टी से बुझाने का प्रयास करें। बिजली या शॉर्ट सर्किट से लगी आग पर पानी का प्रयोग न करें और सबसे पहले मुख्य स्विच बंद करें।
सुरक्षित निकासी के जरूरी नियम
धुएं से बचने के लिए झुककर या घुटनों के बल बाहर निकलें। लिफ्ट का उपयोग न करें, केवल सीढ़ियों का इस्तेमाल करें। गैस सिलेंडर में आग लगने पर रेगुलेटर बंद करें या गीले कपड़े से ढकें। आग बढ़ने पर तुरंत सुरक्षित दूरी बनाकर बाहर निकल जाएं।
मॉक ड्रिल के दौरान निरीक्षक जावेद मियादांद, राजेन्द्र साहू, उप निरीक्षक अग्निशमन राकेश पांडेय सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


