सूरजपुर किडनैपिंग केस: पूर्व ड्राइवर निकला मास्टरमाइंड, 22 लाख की फिरौती मांगने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

By
Advertisement
Advertisement

सूरजपुर। जिले में महिला के अपहरण और 22 लाख रुपये की फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपहृत महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

ड्राइवर ने रची साजिश, रिटायरमेंट की रकम थी निशाने पर

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी रौशन देवांगन पहले पीड़ित के यहां करीब 18 महीने तक ड्राइवर था। उसे यह जानकारी थी कि प्रार्थी एसईसीएल से रिटायर हुआ है और उसे बड़ी रकम मिली है। इसी लालच में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण की साजिश रची।

पानी मांगने के बहाने घर में घुसे, महिला को बनाया बंधक

29 अप्रैल को आरोपी घर पहुंचे और पानी मांगने के बहाने अंदर घुसे। इसके बाद महिला को बंधक बनाकर मुंह-आंख पर टेप लगाई और हाथ-पैर बांधकर मोटरसाइकिल से ले गए। बाद में महिला के मोबाइल से पति को कॉल कर 22 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।

पुलिस दबाव में छोड़कर भागे आरोपी

पुलिस की सघन पेट्रोलिंग और दबाव के चलते आरोपी घबरा गए और महिला को घायल अवस्था में बाईपास रोड पर छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता ने किसी तरह एक घर पहुंचकर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।

तकनीकी साक्ष्य से गिरफ्तारी, कई सामान जब्त

पुलिस ने तकनीकी मदद और पीड़िता के बयान के आधार पर मुख्य आरोपी रौशन देवांगन को मानपुर से गिरफ्तार किया। वहीं दूसरे आरोपी शेख इशू को बिलासपुर भागते समय केतका में घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से अपहृता का मोबाइल, मोटरसाइकिल, स्कूटी, रस्सी, टेप समेत अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं।

फरार आरोपी की तलाश जारी, पुलिस जांच में जुटी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है और आगे भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Share This Article