उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में सोमवार को मौसम अचानक बदल गया। दोपहर के बाद आसमान में घने बादल छा गए और हल्की बारिश दर्ज की गई। सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले के कुछ इलाकों में छोटे आकार के ओले भी गिरे।
उदयपुर और लखनपुर क्षेत्रों में कुछ समय के लिए तेज बारिश हुई, जबकि सरगुजा जिले के ग्रामीण इलाकों में ओलावृष्टि की सूचना मिली। हालांकि अधिकांश जगहों पर हल्की बारिश ही हुई।
गेहूं की फसल को खतरा
क्षेत्र के खेतों में गेहूं की फसल पककर तैयार है और कटाई का समय नजदीक है। मौसम के अचानक बदले मिजाज और ओलावृष्टि की वजह से फसल को नुकसान का खतरा बढ़ गया है। किसानों की चिंता इसी को लेकर अधिक है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के अनुसार, वातावरण में नमी और पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव आया। इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन अगले 24 घंटे तक बादलों का डेरा बना रहने की संभावना है।

