डाइट पेंड्रा में जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन, 30 विद्यार्थियों ने चित्रकला और 31 ने भाषण प्रतियोगिता में लिया हिस्सा
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। सेवा, संकल्प एवं समर्पण के माध्यम से विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शिक्षा विभाग द्वारा जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) पेंड्रा में आयोजित कार्यक्रम में जिले के तीनों विकासखंडों से चयनित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

30 विद्यार्थियों ने चित्रों में उकेरी विकसित भारत की तस्वीर
प्रतियोगिता में विद्यालय, संकुल और विकासखंड स्तर पर चयनित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में 30 तथा भाषण प्रतियोगिता में 31 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।

चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और कल्पनाशक्ति के माध्यम से विकसित भारत की अपनी परिकल्पना को कागज पर जीवंत रूप दिया। कार्यक्रम स्थल पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अवलोकन किया तथा बच्चों की रचनात्मकता की सराहना की।
छात्राओं ने भाषण के जरिए रखा विकसित भारत का सपना
भाषण प्रतियोगिता में प्राथमिक शाला बंधी, पेंड्रा की कक्षा 5वीं की छात्रा प्रिंसी केवट ने ‘डिजिटल इंडिया’ विषय पर अपने विचार रखे। वहीं माध्यमिक शाला कोटखर्रा, मरवाही की कक्षा 7वीं की छात्रा प्रिंसी गुर्जर ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया।
दोनों छात्राओं की आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति और प्रभावी अभिव्यक्ति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कलेक्टर ने साझा किए छात्र जीवन के अनुभव
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर विजय दयाराम के. ने विद्यार्थियों से संवाद किया और अपने छात्र जीवन से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, प्रभावी संवाद और बॉडी लैंग्वेज के महत्व के बारे में उपयोगी सुझाव दिए।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे लगातार निखारने के लिए प्रेरित किया।
सेवा और जनभागीदारी को बताया अभियान की ताकत
जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र बहादुर सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जनसेवा और जनभागीदारी से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जो सराहनीय पहल है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने देखी विद्यार्थियों की कलाकृतियां
कार्यक्रम में जिले के तीनों विकासखंडों से चयनित प्रतिभागी छात्र-छात्राओं की चित्रकला प्रदर्शनी लगाई गई। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की सराहना की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, बीईओ पेंड्रा आर.एन. चंद्रा, बीईओ गौरेला उपेंद्र सिंह, बीईओ मरवाही संजय वर्मा, आलोक शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
