जशपुर। जशपुर जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर जिलेभर में बिना नम्बर प्लेट, मोडिफाइड वाहनों, ओवरस्पीडिंग और स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज की गई है।
कोतवाली पुलिस का विशेष अभियान, 22 बाइक पकड़ी गईं
निर्देशों के पालन में कोतवाली जशपुर पुलिस ने बीती रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना नम्बर प्लेट, ओवरस्पीड, मोडिफाइड और नाबालिगों द्वारा चलाए जा रहे कुल 22 मोटरसाइकिलों को पकड़कर कार्रवाई की गई।
बिना नम्बर प्लेट पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान 19 वाहनों को बिना नम्बर प्लेट पाए जाने पर जब्त किया गया। वाहन चालकों को निर्देश दिया गया कि नम्बर अंकित करने के बाद ही वाहन छोड़ा जाएगा। इसके बाद चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 5,700 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
वहीं, एक वाहन चालक को ओवरस्पीड में वाहन चलाते पाए जाने पर 1,000 रुपये का चालान किया गया। शेष दो मामलों में कार्रवाई जारी है।
दोबारा उल्लंघन पर सख्त चेतावनी
पुलिस ने सभी वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी है कि भविष्य में बिना नम्बर प्लेट या नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर वाहन जब्त कर सीधे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
नागरिकों से नियम पालन की अपील
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन पर चालक के साथ-साथ अभिभावकों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सड़क सुरक्षा के लिए जनसहयोग जरूरी
जशपुर पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा है कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।
