साईं ज्वेलर्स के संचालक संतोष सोनी ने संदिग्ध व्यक्ति के गहने बेचने पहुंचने पर पुलिस को दी सूचना, चोरी के मामले में मिला अहम सुराग
बिलासपुर। थाना सीपत क्षेत्र में हुई चोरी की घटना के मामले में चोरी गए माल-मशरूका की बरामदगी में रतनपुर के बड़ीबाजार स्थित साईं ज्वेलर्स के संचालक संतोष सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई है। उनकी सजगता और पुलिस को समय पर दी गई सूचना से पुलिस को चोरी की घटना से जुड़े अहम सुराग मिले।
गहने बेचने पहुंचे संदिग्ध पर व्यापारी की नजर
पुलिस के अनुसार एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी के गहने बेचने के लिए साईं ज्वेलर्स पहुंचा था। व्यापारी संतोष सोनी को उसकी गतिविधि संदिग्ध लगी, जिसके बाद उन्होंने बिना देरी किए पुलिस को इसकी सूचना दी।
उनकी सूचना के आधार पर पुलिस को चोरी की घटना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिली और चोरी गए माल-मशरूका की बरामदगी में सफलता हासिल हुई।
पुलिस ने व्यापारी की सजगता को बताया प्रेरणादायक
बिलासपुर पुलिस ने संतोष सोनी की तत्परता और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने एक जिम्मेदार व्यापारी के साथ-साथ जागरूक एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक होने का परिचय दिया है। उनकी सजगता अन्य व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए भी प्रेरणादायक है।
संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों और सराफा व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस को सूचना दें। नागरिकों की सजगता और पुलिस के साथ सहयोग से अपराधों की रोकथाम तथा आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण मदद मिलती है।
बिलासपुर पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।
अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़


