रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Shashi Mohan Singh के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने नकली शराब के बड़े और संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनागर में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने दबिश देकर भारी मात्रा में नकली शराब जब्त की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं।
सूचना के आधार पर बनी रणनीति, पुलिस ने रची सटीक योजना
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम धनागर निवासी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू द्वारा बड़े पैमाने पर नकली शराब तैयार कर बाजार में सप्लाई की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने साइबर सेल और आबकारी विभाग के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई।
पुलिस ने पहले एक ‘प्वाइंटर’ को आरोपी के पास भेजकर शराब की खरीद कराई, जिसमें दो पौव्वा शराब ली गई। जांच में लेबल और होलोग्राम संदिग्ध पाए गए, जिसके बाद तत्काल छापेमारी की गई।
छापे में मिला नकली शराब का जखीरा
छापेमारी के दौरान आरोपी के घर परिसर स्थित कोठे से भारी मात्रा में नकली शराब बरामद की गई। इसमें कई नामी ब्रांड की पैकेजिंग में शराब शामिल थी, जिनमें रॉयल स्टैग, आईबी, गोवा, ब्लैक डॉग और किंगफिशर बियर जैसे लेबल लगे हुए थे।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि शराब पूरी तरह नकली और मिलावटी है, जिसे अवैध तरीके से तैयार कर बाजार में खपाया जाता था।
स्प्रिट और चायपत्ती से बनाई जा रही थी नकली शराब
जांच में सामने आया कि आरोपी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अलग-अलग राज्यों से शराब और सामग्री लाता था। इसके बाद उसमें स्प्रिट और अन्य रसायन मिलाकर मात्रा बढ़ाई जाती थी।
पुरानी बोतलों को साफ कर उन पर नकली लेबल और होलोग्राम लगाकर फिर से पैकिंग की जाती थी। यह शराब कोचियों के माध्यम से असली शराब के साथ बाजार में सप्लाई की जाती थी, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।
भारी मात्रा में जब्ती, दो आरोपी फरार
कार्रवाई में पुलिस ने लगभग 240 लीटर नकली शराब (869 नग पौव्वा, अद्धी और बोतल) जब्त की है। इसके अलावा 560 ढक्कन, स्प्रिट के ड्रम, केटली और खाली बोतलें भी बरामद की गई हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 2.16 लाख रुपये बताई गई है।
इस मामले में दुष्यंत पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि उसके भाई सुभाष पटेल और सहयोगी विनय सिंह की तलाश जारी है।
कई धाराओं में मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस अवैध शराब कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे संगठित नेटवर्क के हर सदस्य पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


