गांधी जयंती पर सकोला में विशेष ग्राम सभा, ग्रामीणों ने विकास कार्यों और योजनाओं पर की चर्चा

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 2 अक्टूबर 2026। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत सकोला में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में पंचायत प्रतिनिधियों, पंचों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी में गांव के विकास कार्यों, शासन की योजनाओं और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

महात्मा गांधी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ शुभारंभ

विशेष ग्राम सभा की शुरुआत महात्मा गांधी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच नारायण सिंह आर्मो, उप सरपंच दुर्गेश साहू, ग्राम कोटवार राजेश्वर पुरी, पंच आशीष श्रीवास्तव, पंचायत प्रतिनिधि शंभू मानिकपुरी, ग्रामीण मुकेश जायसवाल सहित समस्त वार्ड पंच और ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की दी गई जानकारी

ग्राम सभा के दौरान रोजगार सहायक जमुना प्रसाद सिंदराम ने छत्तीसगढ़ शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने बताया कि वीबी-जी राम जी योजना के तहत कार्य दिवस की सीमा को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन किए जाने की जानकारी दी गई। साथ ही योजना के तहत हितग्राही द्वारा काम की मांग किए जाने पर निर्धारित समय में काम उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में रोजगार भत्ते के प्रावधान की जानकारी भी दी गई।

ग्रामीण स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से गाय पालन शेड, बकरी पालन शेड, मुर्गी पालन शेड और मत्स्य पालन के लिए डबरी निर्माण जैसे कार्यों के लिए आवेदन भी लिए गए। बताया गया कि इन कार्यों को आगामी पांच वर्षों में आवश्यकता और प्राथमिकता के आधार पर योजना में शामिल किया जाएगा।

ग्रामीणों की सहभागिता से होगा पंचायत का विकास

विशेष ग्राम सभा को संबोधित करते हुए सरपंच नारायण सिंह आर्मो ने कहा कि ग्राम पंचायत के विकास के लिए ग्रामीणों की सहभागिता बेहद जरूरी है। ग्राम पंचायत की उपयोगिता और आवश्यकता के अनुसार विभिन्न कार्यों की मंजूरी ग्राम सभा के माध्यम से की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पंचायत में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा ग्राम सभा के माध्यम से होने से कार्यों में पारदर्शिता बनी रहेगी। पंचायत स्तर पर विकास कार्यों का क्रियान्वयन आवश्यकता और प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से आपसी सामंजस्य, एकता और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

ग्राम सभा में ग्रामीणों की उपस्थिति पर दिया जोर

पंच आशीष श्रीवास्तव ने ग्राम सभा में ग्रामीणों की नियमित और अनिवार्य सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत से जुड़े विकास कार्यों, उनकी आवश्यकता और प्राथमिकता की जानकारी ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों तक पहुंचती है। उन्होंने उपस्थित सभी ग्रामीणों का आभार भी व्यक्त किया।

ग्राम विकास पर हुई चर्चा, ग्रामीणों में दिखा उत्साह

विशेष ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बैठक में गांव के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई और आगामी समय में आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने को लेकर विचार-विमर्श हुआ।

कार्यक्रम के अंत में सरपंच नारायण सिंह आर्मो ने समस्त ग्रामवासियों को आगामी नवरात्रि उत्सव की शुभकामनाएं दीं और विशेष ग्राम सभा के समापन की घोषणा की।

Share This Article