टांगी से वार कर की हत्या, शव को पानी टंकी में फेंका
मणीपुर थाना क्षेत्र के कदमपारा ट्रांसपोर्टनगर में पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
कामकाज को लेकर होता था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 मार्च 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि कदमपारा ट्रांसपोर्टनगर स्थित एक पानी टंकी में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
मृतक की पहचान पारसनाथ केरकेट्टा के रूप में हुई। पूछताछ में मृतक के साले ने बताया कि पारसनाथ अपने पुत्र प्रभात केरकेट्टा उर्फ लेदा (23 वर्ष) के साथ रहते थे। प्रभात मुर्गा दुकान में काम करता था, जबकि मृतक कोई काम नहीं करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी।
टांगी के पासे से किया वार
2 मार्च की रात विवाद बढ़ने पर प्रभात ने अपने पिता से गाली-गलौज और झगड़ा किया तथा टांगी के पासे से सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई। चोट के कारण पारसनाथ की मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी ने शव को घर के पास बनी पानी टंकी में डाल दिया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मणीपुर में अपराध क्रमांक 44/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुआ हथियार
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी और घटना के समय पहना गया बनियान जब्त किया गया।
आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक दिलसाय कुजूर, सहायक उप निरीक्षक सिदयुस लकड़ा, प्रधान आरक्षक नारायण चौधरी, नरेंद्र जांगड़े सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
