बिलासपुर। थाना सिरगिट्टी पुलिस ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाते हुए अड्डेबाजी, नशाखोरी, मारपीट और फरार वारंटियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 8 आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, जबकि 3 फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर कुल 11 आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चला अभियान
यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के नेतृत्व में की गई।
नशाखोरी के आरोप में कार्रवाई
पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर नशाखोरी करते पाए जाने पर दो युवकों के विरुद्ध कार्रवाई की।
अड्डेबाजी और शांति भंग करने वालों पर शिकंजा
थाना क्षेत्र में चिन्हित स्थानों पर लगातार चेकिंग के दौरान अड्डेबाजी कर रहे लोगों और शांति भंग करने वालों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। वहीं मारपीट के मामलों में भी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
तीन फरार वारंटी गिरफ्तार
अभियान के दौरान लंबे समय से फरार चल रहे तीन गिरफ्तारी वारंटियों को भी गिरफ्तार कर विधि अनुसार न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस की अपील
सिरगिट्टी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति नशाखोरी, अड्डेबाजी या सार्वजनिक शांति भंग करता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी लगातार और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।




