Shravani Mela 2026 : वेदव्यास पीठ पर 2 अगस्त से शुरू होगा श्रावणी मेला, प्रशासन ने तैयारियों को लेकर कसी कमर

Advertisement
Advertisement

कानून व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर एडीएम ने दिए निर्देश

सुंदरगढ़। सुंदरगढ़ जिले के राउरकेला स्थित प्रसिद्ध वेदव्यास पीठ पर 2 अगस्त से श्रावणी मेला शुरू होने जा रहा है। मेले के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर राउरकेला नगर निगम कार्यालय में एडीएम दीना दस्तगीर की अध्यक्षता में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों से बेहतर समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

चार चरणों में आयोजित होगा श्रावणी मेला

2 अगस्त से शुरू होने वाला यह श्रावणी मेला रविवार 9, 16 और 23 अगस्त को भी आयोजित होगा, जो अगले दिन सोमवार सुबह तक चलेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर विशेष योजना तैयार की है।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

बैठक में एडीएम सह नगर निगम आयुक्त ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, निर्बाध बिजली आपूर्ति और यातायात प्रबंधन को बेहतर रखने के निर्देश दिए।

इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को मेले में लगाए जाने वाले स्टॉलों पर खाद्य सामग्री और पेयजल की गुणवत्ता की जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मंदिर परिसर और घाटों पर बनाए जाएंगे बैरिकेड्स

बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पीडब्ल्यूडी विभाग को मंदिर परिसर और नदी घाटों पर पुरुषों एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग बैरिकेड्स लगाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने बारिश की संभावना को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।

स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन की रहेगी तैयारी

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डॉक्टरों की टीम के साथ दो एंबुलेंस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। लगातार बारिश से नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में ओड्राफ की 12 सदस्यीय टीम को बोट के साथ तैनात किया जाएगा।

वहीं अग्निशमन विभाग और पीडब्ल्यूडी विभाग को भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

साफ-सफाई और स्वयंसेवकों की होगी तैनाती

राउरकेला नगर निगम द्वारा मेले के दौरान साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन के लिए विशेष कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। बेहतर प्रबंधन के लिए नागरिक संगठनों के स्वयंसेवकों की भी मदद ली जाएगी।

बैठक में ये रहे मौजूद

तैयारी बैठक में डिप्टी कलेक्टर पानपोस चंद्रकांत मल्लिक, राउरकेला नगर निगम की संयुक्त आयुक्त पल्लवी नायक, तहसीलदार लाठीकटा मुरलीधर उरमाल, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और वेदव्यास ट्रस्ट बोर्ड के सदस्य उपस्थित रहे।

Advertisement
Share This Article