रायगढ़ में देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़, महिला दलाल समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

रायगढ़। थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में छोटे अतरमुड़ा स्थित साईं मंगलम गली के एक किराए के मकान में चल रहे अवैध देह व्यापार रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में 11 जून 2026 को यह बड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें महिला दलाल सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस, फिर की दबिश

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पहले मामले का सत्यापन किया और एक पुलिस पाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा। संकेत मिलते ही थाना चक्रधरनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मकान में छापेमारी कर मौके से तीन युवतियों को सुरक्षित बरामद किया तथा दो पुरुषों और एक महिला दलाल को हिरासत में लिया।

महिला दलाल से नकदी और आपत्तिजनक सामग्री बरामद

छापेमारी के दौरान महिला पुलिस स्टाफ की मौजूदगी में मकान की तलाशी ली गई, जिसमें आपत्तिजनक सामग्री मिली। साथ ही पुलिस ने ₹2,500 नकद भी जब्त किए, जो पाइंटर द्वारा दिए गए थे। पूछताछ में महिला दलाल ने किराए के मकान में देह व्यापार संचालित करने की बात स्वीकार की।

तीन आरोपी गिरफ्तार, केस दर्ज

पुलिस ने महिला दलाल गुंजन चौहान सहित नेहरू चौहान और मीर रविउल को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धाराओं 3, 4 और 5 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में साइबर टीआई विजय चेलक सहित थाना चक्रधरनगर पुलिस टीम और महिला स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के शोषण और अनैतिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

Advertisement
Share This Article